लगातार हुई दो घटनाओं के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने ग्रामीणों को जंगल से लगे इलाकों में सतर्क रहने की सलाह दी है। वन विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों ने दोनों घटनास्थलों का निरीक्षण किया है। मृतक महिलाओं के परिजनों को नियमानुसार आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया गया है। वहीं वन विभाग की टीमें दोनों क्षेत्रों में बाघों की गतिविधियों पर नजर रख रही हैं।
महिला को घसीटकर जंगल ले गया बाघ-
पहली घटना बरघाट थाना क्षेत्र के बीजाटोला गांव में हुई। यहां सेवबती पति शिवचरण मर्सकोले, रविवार दोपहर गांव के पास जंगल से लगे खेत में गुल्ली फल बिनने गई थीं। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजन उनकी तलाश में निकले। खोजबीन के दौरान जंगल में उनका शव मिला। शव का कमर से नीचे का हिस्सा बाघ खा चुका था। ग्रामीणों ने बताया कि बाघ महिला को खेत से घसीटकर जंगल में ले गया था। कुछ लोगों ने उसे शव के पास देखा भी, लेकिन भीड़ पहुंचने पर वह जंगल में भाग गया।
खेत के पास मिला महिला का क्षत-विक्षत शव
दूसरी घटना दक्षिण सामान्य वनमंडल के कुरई वन परिक्षेत्र की गोरखपुर बीट के जामरापानी (जामुनपानी) सर्किल में हुई। यहां ग्राम पंचायत धनौली के जिलापुर गांव निवासी शांति बाई कुमरे (55), पति रोशनलाल कुमरे, पर बाघ ने हमला कर दिया। आज दोपहर करीब एक बजे के बाद महिला की तलाश शुरू हुई। ग्रामीणों को खेत से लगे जंगल में उनका क्षत-विक्षत शव मिला। बाघ शव का सिर और छाती सहित ऊपरी हिस्सा खा चुका था।