जबलपुर। मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी ने कार्मिकों के मध्य संवाद, सहभागिता एवं कंपनी की कार्यसंस्कृति से जुड़ाव को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए अपनी मासिक ई-पत्रिका 'स्पंदन' को पुनर्प्रारंभ किया है। कंपनी मुख्यालय, जबलपुर में आयोजित एक समारोह में कंपनी के प्रबंध संचालक मनजीत सिंह द्वारा निदेशक तकनीकी सुबोध निगम एवं निदेशक वाणिज्य मिलिन्द भान्दक्कर, कार्यपालक निदेशक मानव संसाधन व प्रशासन दीपक कश्यप एवं अतिरिक्त मुख्य अभियंता मानव संसाधन व प्रशासन एसके जैन की गरिमामयी उपस्थिति में ई-पत्रिका के प्रथम संस्करण का विमोचन किया गया।
संपादक मंडल गठित-'स्पंदन' का संचालन कंपनी के शीर्ष नेतृत्व के मार्गदर्शन में गठित संपादकीय मंडल द्वारा किया जाएगा, जिसमें प्रबंध संचालक मनजीत सिंह संरक्षक, निदेशक तकनीकी सुबोध निगम एवं निदेशक वाणिज्य मिलिन्द भान्दक्कर सलाहकार, कार्यपालक निदेशक मानव संसाधन व प्रशासन दीपक कश्यप प्रमुख संपादक, अतिरिक्त मुख्य अभियंता प्रशिक्षण एवं विकास अशोक कुमार तिवारी कार्यकारी संपादक और महाप्रबंधक मानव संसाधन व प्रशासन खुशबू शर्मा संपादक के रूप में तथा अन्य सदस्य शामिल हैं। पत्रिका की संपूर्ण परिकल्पना, डिज़ाइन एवं निर्माण कंपनी के कार्यपालक निदेशक मानव संसाधन व प्रशासन कार्यालय के प्रशिक्षण एवं विकास अनुभाग द्वारा पूर्णतः इन-हाउस किया गया है।
