यह घटना ग्राम कन्हान पिपरिया निवासी किसान अनिल पाटिल के खेत में स्थित एक बिना मुंडेर वाले कुएं में हुई। दोपहर में ग्रामीणों ने कुएं से अजीब आवाजें सुनीं। पास जाकर देखने पर पता चला कि जंगली सुअरों का एक झुंड कुएं के पानी में फंसा हुआ है। ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग और वन विकास निगम को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही दक्षिण वनमंडल की सिवनी रेंज और वन विकास निगम सिवनी की कान्हीवाड़ा रेंज की टीमें मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्रामीणों के सहयोग से बचाव अभियान शुरू किया। रस्सियों और अन्य आवश्यक उपकरणों का उपयोग करके एक.एक कर सभी जंगली सुअरों को कुएं से बाहर निकाला गया। रेस्क्यू के दौरान जानवरों को अतिरिक्त चोट से बचाने के लिए विशेष सुरक्षा उपाय किए गए थे। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कुएं में गिरने और लंबे समय तक फंसे रहने के कारण एक जंगली सुअर की मौत हो गई। मृत सुअर का पोस्टमार्टम कराया गया है और उसकी मौत के कारणों की जांच की जा रही है। सुरक्षित बचाए गए छह जंगली सुअरों को उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया है।