khabar abhi tak

एमपी : मंडला में भीषण हादसा, अज्ञात वाहन ने बाइक सवारों को उड़ाया, 3 की मौत

मंडला. एमपी के मंडला जिले के नादिया तिराहे पर मंगलवार 2 जून की देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. टक्कर मारने के बाद वाहन चालक बिजली का खंभा तोड़ते हुए वाहन लेकर भाग गया. पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच पड़ताल शुरु कर दी है.

जानकारी के अनुसार, मोटर साइकिल पर सवार तीन लोगों को पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों की पहचान उमेश सिंगोर (उम्र लगभग 42 वर्ष निवासी नांदिया), भुवन लाल सिंगोर (उम्र लगभग 36 वर्ष निवासी नांदिया) तथा मुन्ना भांवरे (उम्र लगभग 50 वर्ष निवासी पेटेगांव) के रूप में हुई है.

ग्रामीणों ने जताई नाराजगी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और शवों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया. जहां पोस्टमार्टम के उपरांत शवों को परिजनों को सौंप दिया जाएगा. हादसे की खबर मिलते ही घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए. अपने गांव के लोगों की असमय मौत से ग्रामीणों में गहरा दुख और आक्रोश दिखाई दिया. लोगों ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए.

मौके पर पहुंचे तहसीलदार हीरा लाल तिवारी ने बताया कि, नादिया तिराहा के पास किसी अज्ञात भारी वाहन ने मोटर साइकिल सवार तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी. जिससे उन तीनों की मौके पर ही मौत हो गई है. जिनकी पहचान कर उनके परिजनों को सूचित कर दिया गया है. वहीं अज्ञात वाहन की पतासाजी की जा रही है.

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak