जबलपुर। जबलपुर के कटंगी से लगे सिंग्रामपुर, जबेरा में बीती देर रात तेज आंधी तूफान ने कहर बरपा दिया है। यहां पर सिमरी जालम, चोपड़ा, डूमर, बडग़ुवा सहित आसपास के इलाकों में मकानों, पेड़ों, पेट्रोल पंप और बिजली व्यवस्था को नुकसान हुआ है।
बताया गया है कि सिमरी जालम तेज आंधी व तूफान से पेट्रोल पंप के पिलर-टीन शेड पूरी तरह उड़ गए। पास के वेयरहाउस के टीन शेड भी तेज हवा में उखड़कर खेतों में दूर-दूर तक बिखर गए। डूमर गांव में कई मकानों की दीवारें ढह गईं। परम अग्रवाल के दो मंजिला मकान की दीवार गिरने से प्रियंका और गिरजा नामक दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल जबेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। चौपरा गांव में भी कई घरों के टीन शेड उड़ गए। तेज तूफान के कारण चोपरा तालाब के पास एक विशाल पीपल का पेड़ गिर गया, जिससे आसपास के कई बिजली के खंभे भी धराशायी हो गए। पेट्रोल पंप के पास लगभग 8 से 10 बिजली के खंभे गिरने से क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। धुंनगी, मझगांव रोड और बम्होरी रोड पर सड़क किनारे कई पेड़ गिर गए। हालांकि, यातायात पूरी तरह से बाधित नहीं हुआ और आवागमन जारी रहा। टपरिया गांव से भी टीन शेड उडऩे की खबरें मिली हैं। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, चोपड़ा, सिमरी, डूमर और बडग़ुवा क्षेत्र तूफान के केंद्र रहे, जहां सर्वाधिक नुकसान दर्ज किया गया है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है और राहत कार्य शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
Tags
jabalpur