khabar abhi tak

नौकरी लगवाने का झांसा देकर बेरोजगारों से हड़पे 22 लाख



विजय नगर थाने में पीड़ित युवकों की शिकायत पर मामला दर्ज

जबलपुर। नौकरी दिलाने के नाम पर एक जालसाज ने झांसा देकर आधा दर्जन से अधिक बेरोजगार युवकों से करीब 22 लाख रुपए हड़प लिए। बेरोजगारों द्वारा इसकी शिकायत विजय नगर थाने में की गई थी। पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार रांझी के चंद्रमोहन नगर निवासी प्रदीप कुमार श्रीवास्तव ने अरविंद सेन को प्राइवेट नौकरी लगवाने का झांसा दिया था। अरविंद उसकी बातों में आ गया और उसने आरोपी को 4 लाख 12 हजार रुपए दे दिए। इसी तरह आरोपी ने निहाल आर्मो से 4 लाख 12 हजार रुपए, रूपेश सेन से 3 लाख 62 हजार 500 रुपए, अनिल कुमार सेन से 4 लाख 12 हजार 500 रुपए, चेतन बेन से 2 लाख रुपए और बलराम साहू से 3 लाख 75 हजार रुपए ऐंठ लिए। आरोपी ने सभी को आश्वासन दिया था कि जल्द ही उनकी नौकरी लग जाएगी। कुछ समय बीतने पर जब युवकों ने नौकरी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी टालमटोल करने लगा। युवकों ने जब और ज्यादा दबाव बनाया तो आरोपी ने कुछ लोगों को थोड़ी रकम वापस की और कुछ को चेक दे दिए। इसके बाद आरोपी ने पीड़ितों का फोन उठाना ही बंद कर दिया। परेशान होकर पीड़ितों ने थाने में शिकायत की, जिसके बाद पुलिस मामला दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak