जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में आगामी 21 जून 2026 को 36वाँ दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाएगा। इस भव्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के शामिल होने की पूरी संभावना है, जिसके चलते प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी सिलसिले में आज विश्वविद्यालय परिसर में जिला और विश्वविद्यालय प्रशासन के आला अधिकारियों की एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित हुई। इस महत्वपूर्ण बैठक में कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा, जिला कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय, एसडीएम मोनिका बाघमारे और कुलसचिव डॉ. रविशंकर सोनवाल मुख्य रूप से मौजूद रहे। बैठक के दौरान सभी अधिकारियों ने दीक्षांत समारोह से जुड़ी विभिन्न समितियों के संयोजकों के साथ मिलकर व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा की और जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए।
प्रशासनिक अधिकारियों ने व्यवस्थाओं को लेकर बनाई मजबूत रणनीति
बैठक में विश्वविद्यालय और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान ऑडिटोरियम की मुख्य मंच व्यवस्था और विश्वविद्यालय की गरिमामयी अकादमिक मार्च यानी दीक्षांत शोभा यात्रा के रूट को लेकर विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। इसके साथ ही कार्यक्रम के दौरान बिना किसी बाधा के लगातार बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और विश्वविद्यालय परिसर में आने वाले अतिथियों के वाहनों की सुचारू पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी गंभीर विचार-विमर्श हुआ। इस अवसर पर आयोजन समिति के संयोजक प्रो. एस.एस. संधू, प्रो. राकेश बाजपेयी, प्रो. ममता राव, प्रो. अलका नायक, प्रो. जे.के. मैत्रा, प्रो. धीरेन्द्र पाठक, पवन साहू, डॉ. अजय सिंह और ओमप्रकाश यादव सहित अलग-अलग कमेटियों के प्रभारी मौजूद रहे।
छात्र सुविधाओं के लिए शनिवार को भी खुले रहेंगे विश्वविद्यालय के कार्यालय
दीक्षांत समारोह में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं के लिए एक बड़ी राहत दी गई है। विद्यार्थियों की सुविधा को देखते हुए शनिवार 6 जून 2026 को अवकाश के दिन भी विश्वविद्यालय से संबंधित सभी जरूरी कार्यालय खुले रखने का निर्णय लिया गया है। छात्र अपने रजिस्ट्रेशन के काम के लिए दोपहर 12:00 बजे से लेकर सायं 5:00 बजे के बीच विश्वविद्यालय आकर संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गोल्ड मेडल पाने वाले छात्र और पीएचडी की उपाधि लेने वाले शोधार्थी तय समय में अपने विभाग से संपर्क कर प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं, ताकि ऐन वक्त पर किसी भी तरह की परेशानी से बचा जा सके।
उपाधि और स्वर्ण पदक के लिए 15 जून तक करा सकते हैं पंजीयन
समारोह में उपाधि और मेडल प्राप्त करने वाले सभी पात्र छात्र-छात्राओं के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस दीक्षांत समारोह का हिस्सा बनने के लिए पंजीयन कराने की आखिरी तारीख 15 जून 2026 तय की गई है। आयोजन समिति के संयोजक प्रो. एस.एस. संधू ने बताया कि जिन विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक मिलना है, वे छात्र कल्याण अधिष्ठाता यानी डीएसडब्ल्यू कार्यालय में संपर्क करें। वहीं पीएचडी उपाधि धारक छात्र-छात्राओं को अपना पंजीयन पक्का कराने के लिए विश्वविद्यालय के गोपनीय विभाग में जाकर संपर्क करना होगा। सभी प्रक्रियों को समय पर पूरा करने के लिए प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है।
