जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर रेल मंडल के सागर में सीबीआई की जबलपुर इकाई ने रेलवे के डिप्टी सीई कंस्ट्र्रक्शन 2 नारायण सिंह बुंदेला को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है। पहले यह खबर सामने आ रही थी कि जिसे पकड़ा है वह सीनियर सेक्शन इंजीनियर (एसएसई) है। डिप्टी सीई के पकड़े जाने से पश्चिम मध्य रेलवे मुख्यालय जबलपुर के इंजीनियरिंग विभाग में हड़कम्प की स्थिति है. माना जा रहा है कि आरोपी अधिकारी पर प्रशासन कड़ी कार्रवाई करते हुए सस्पेंड करने की कार्रवाई करने जा रहा है.
बताया जाता है कि जबलपुर सीबीआई की टीम एक ठेकेदार की शिकायत पर सागर पहुंची थी, जहां 4 जून की रात को उप मुख्य अभियंता (निर्माण) 2, नारायण सिंह बुंदेला, जिनकी पदस्थापना भोपाल में है और उनके कार्य क्षेत्र में कटनी-बीना आदि का इंजीनियरिंग कार्य आता है. वर्तमान में सागर में निर्माण विभाग कई कार्य करा रहा है.
बताया जाता है कि उक्त अधिकारी के खिलाफ एक ठेकेदार ने काम पूरा होने के बाद रेलवे में जमा अपनी सिक्योरिटी मनी वापस मांगी थी। इस प्रक्रिया के लिए सेक्शन इंजीनियर बुंदेला ने एक लाख रुपये रिश्वत की मांग की। ठेकेदार ने इसकी शिकायत सीबीआई से की। शिकायत की पुष्टि के बाद सीबीआई वरिष्ठ इंजीनियर पर निगरानी रख रही थी। उसने रिश्वत की राशि लेने के लिए ठेकेदार को गुरुवार रात सागर के पैराडाइज होटल बुलाया।
रुपये लेते ही टीम ने इंजीनियर को धरदबोचा
होटल के बाहर सादी वर्दी में सीबीआई के अधिकारी खड़े थे। देर रात जैसे ही ठेकेदार ने वहां पहुंचकर बुंदेला को एक लाख रुपये बुंदेला को सौंपे, सीबीआई टीम ने तुरंत दबोच लिया। उसके बाद इंजीनियर को अज्ञात स्थान पर ले जाकर सीबीआई उससे पूछताछ कर रही है। मामले में छानबीन जारी है. वहीं आरोपी को जबलपुर लाया गया है. जहां कोर्ट में पेश किये जाने की तैयारी है.
पमरे प्रशासन में हड़कम्प, सस्पेंसन की हो रही तैयारी
सूत्रों के मुताबिक सीबीआई की रेलवे एक वरिष्ठ इंजीनियर पर कार्रवाई से पमरे मुख्यालय प्रशासन में हड़कम्प की स्थिति है. इस मामले में आरोपी डिप्टी सीई (सी) नारायण सिंह बुंदेला को सस्पेंड किये जाने की कार्रवाई की जा रही थी. माना जा रहा है कि शाम तक इस मामले में आदेश सामने आ सकता है.
