जबलपुर । जबलपुर में स्थित दमोह नाका-महल फ्लाईओवर से मदनमहल स्टेशन के समीप कंक्रीट के टुकड़े गिरने के वायरल हुये वीडियो पर लोक निर्माण विभाग ने वास्तविक स्थिति स्पष्ट की है। लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री शिवेंद्र सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो में दिख रहा मटेरियल फ्लाईओवर के मूल स्ट्रक्चर का हिस्सा नहीं है।
यह बॉक्स सेगमेंट एवं डेक स्लैब के ज्वाइंट का स्लरी वाला भाग है। यह मटेरियल डी-शटरिंग के दौरान सतह पर चिपका रह जाता है। कार्यपालन यंत्री ने बताया कि न तो यह तकनीकी खामी है और न ही इससे फ्लाईओवर के मूल स्ट्रक्चर को किसी प्रकार नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि टेम्प्रेचर वेरिएशन के कारण कई बार यह चिपिंग मटेरियल सतह से निकल जाता है, जैसा कि वीडियो में प्रदर्शित हो रहा है। कार्यपालन यंत्री के मुताबिक कांट्रेक्टर को इस चिपिंग मटेरियल को निकालने के निर्देश दे दिए गये हैं और कार्य प्रारंभ भी कर दिया गया है।
Tags
jabalpur