khabar abhi tak

विक्टोरिया के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण, दिए सुधारात्मक निर्देश


जबलपुर।
जिला अस्पताल जबलपुर में अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं आयुक्त, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा, मध्यप्रदेश शासन तथा कलेक्टर जबलपुर द्वारा संयुक्त रूप से निर्माणाधीन नवीन अस्पताल भवन एवं जिला अस्पताल में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माणाधीन नवीन अस्पताल भवन का अवलोकन कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण एजेंसी, ठेकेदार एवं संबंधित अभियंताओं को निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पूर्णतः पालन करते हुए निर्माण कार्य को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही भवन निर्माण में सुरक्षा मानकों, तकनीकी गुणवत्ता एवं दीर्घकालिक उपयोगिता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।

अधिकारियों द्वारा जिला अस्पताल की ओपीडी पंजीयन व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया गया कि अस्पताल में उपचार हेतु आने वाले प्रत्येक मरीज की आभा आईडी अनिवार्य रूप से बनाई जाए, ताकि नागरिकों को डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं एवं आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के अंतर्गत उपलब्ध सुविधाओं का अधिकतम लाभ प्राप्त हो सके। निरीक्षण दल ने अस्पताल परिसर स्थित विभिन्न ओपीडी कक्षों का भ्रमण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं एवं सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान स्वच्छता व्यवस्था, मरीजों के बैठने की व्यवस्था, उपचार सुविधाओं, रोगी अनुकूल वातावरण तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक निर्देश प्रदान किए गए।

अधिकारियों द्वारा अस्पताल की माइक्रोबायोलॉजी प्रयोगशाला, पैथोलॉजी विभाग एवं जिला औषधि भंडार (डिस्ट्रिक्ट स्टोर) का भी निरीक्षण किया गया। औषधियों के भंडारण, रख-रखाव एवं उपलब्धता संबंधी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। साथ ही दवाओं के वैज्ञानिक भंडारण एवं सुव्यवस्थित प्रबंधन को और अधिक सुदृढ़ बनाने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। अतिरिक्त मुख्य सचिव, स्वास्थ्य आयुक्त एवं कलेक्टर जबलपुर द्वारा वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण, हरित परिसर विकास एवं स्वच्छ वातावरण के प्रति जन-जागरूकता का संदेश दिया गया। क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. भरत कुमार खटीक, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सह सिविल सर्जन डॉ. नवीन कोठारी, पैथोलॉजिस्ट डॉ. अमिता जैन, ब्लड बैंक नोडल अधिकारी डॉ. अमितोज भल्ला, उप संचालक डॉ. एकांश राय, अस्थिरोग विशेषज्ञ डॉ. संजय जैन, आरएमएनसीएचओ समन्वयक निहार दीवान सहित जिला अस्पताल के चिकित्सक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak