भोपाल. मध्य प्रदेश में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत 16 जून से होगी. इसी दिन से प्रदेशभर में स्कूल चलें हम अभियान का दूसरा चरण भी शुरू होगा, जो 30 जून तक संचालित किया जाएगा. अभियान का मुख्य उद्देश्य शत-प्रतिशत बच्चों का स्कूलों में प्रवेश सुनिश्चित करना और ड्रॉपआउट बच्चों को दोबारा शिक्षा से जोडऩा है.
राज्य शिक्षा केंद्र ने इस संबंध में सभी कलेक्टरों को निर्देश जारी किए हैं. निर्देशों के अनुसार ग्रीष्मकालीन अवकाश समाप्त होने के बाद 16 जून को शासकीय और सांदीपनि विद्यालयों में शाला प्रारंभ उत्सव मनाया जाएगा. इस दौरान विशेष गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों और अभिभावकों को स्कूल से जोडऩे का प्रयास किया जाएगा. अभियान के तहत विद्यालय छोड़ चुके बच्चों की पहचान कर उनका पुन: प्रवेश कराया जाएगा. साथ ही शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा. जिला स्तर पर कलेक्टर अभियान की नियमित समीक्षा करेंगे और प्रवेश अभियान की प्रगति पर नजर रखेंगे.
