जबलपुर। नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार शहर की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में आज उन्होंने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का सघन दौरा किया और सफाई, जल आपूर्ति एवं प्रकाश व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं चाक-चौबंद मिलने पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों की पीठ थपथपाई। निगमायुक्त ने अपने भ्रमण की शुरुआत रामपुर शंकर शाह नगर से की, जिसके बाद वे मंडवा बस्ती और सिविल लाइन क्षेत्र पहुंचे। उन्होंने गलियों और मुख्य मार्गों पर साफ-सफाई के स्तर को बारीकी से देखा। निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने पाया कि सफाई व्यवस्था सड़कों पर कचरे का अभाव दिखा और सफाई मित्र मुस्तैदी से अपना कार्य करते पाए गए। प्रकाश व्यवस्था सुचारू रूप से कार्य कर रही थीं, जिससे वार्डों में सुरक्षा और सुगमता का वातावरण नजर आया। पेयजल वितरण की स्थिति का अवलोकन करने पर पाया गया कि नागरिकों को निर्धारित समय पर पर्याप्त दबाव के साथ पानी मिल रहा है।
निगमायुक्त ने कहा कि शहर की सुंदरता और नागरिकों की सुविधा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। आज के निरीक्षण में रामपुर, मंडवा और सिविल लाइन क्षेत्रों की व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं। उन्होंने बताया कि अधिकारियों और कर्मचारियों की यह सक्रियता सराहनीय है। व्यवस्थाओं पर प्रसन्नता व्यक्त करने के साथ ही निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि यह निरंतरता बनी रहनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों की शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें। जलभराव वाले संभावित स्थानों पर अभी से पूर्व-तैयारी रखें। प्रकाश व्यवस्था की मॉनिटरिंग के लिए नियमित पेट्रोलिंग की जाए। इस अवसर पर अपर आयुक्त देवेंद्र सिंह चौहान, अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव, कार्यपालन यंत्री शैलेन्द्र मिश्रा, संभागीय अधिकारी पंकज अवस्थी, संतोष पांडे सहायक स्वास्थ्य अधिकारी अनिल बारी, पोला राव, संभागीय यंत्री अभिषेक तिवारी, अरुण पटेल उपस्थित रहे।