khabar abhi tak

जबलपुर: अधिवक्ता के परिवार पर हमला, जान से मारने की दी धमकी

जबलपुरभेड़ाघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत सहजपुर की प्रज्ञा कॉलोनी में एक अधिवक्ता के घर में घुसकर तोड़फोड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार 10 मई  की दोपहर करीब 1:30  बजे के बीच जब अधिवक्ता राजेश कुशवाहा अपने घर पर नहीं थे, तब कुछ लोगों ने उनके निवास पर धावा बोल दिया। आरोप है कि रविन्द्र पटेल, अंशुल पटेल और अंकित पटेल जबरन घर के भीतर दाखिल हुए और वहां रखे सामान को बाहर फेंकना शुरू कर दिया। कुछ समय बाद सुखचैन पटेल और विनोद पटेल भी मौके पर पहुंच गए और तोड़फोड़ में शामिल हो गए

घर में घुसकर मारपीट,तोड़फोड़

​अधिवक्ता राजेश कुशवाहा ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 27 दिसंबर 2024 को मौजा सहजपुर स्थित खसरा नंबर 231/42 में गोपाल उर्फ रामगोपाल कुशवाहा से यह मकान खरीदा था और इसका विधिवत नामांतरण भी कराया जा चुका है। घटना के समय जब उनके छोटे भाई कृष्ण कुमार कुशवाहा ने आरोपियों को रोकने की कोशिश की, तो उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई। हमलावरों ने घर में रखा फ्रिज, कूलर, टेबल, गैस सिलेंडर, बर्तन और साइकिल जैसा कीमती सामान घर से बाहर फेंक दिया। जब राजेश कुशवाहा मौके पर पहुंचे तो उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई।

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

​घटना की सूचना मिलते ही कानूनी बिरादरी में रोष फैल गया। जिला बार के उपाध्यक्ष मनोज तिवारी के नेतृत्व में ज्योति राय, शैलेन्द्र यादव, विनोद विश्वकर्मा, प्रशांत नायक, अर्जुन साहू और अनुभव शर्मा सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौके पर और फिर थाने पहुंचे। इस पूरी वारदात के फुटेज घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गए हैं, जिन्हें सबूत के तौर पर पुलिस को सौंप दिया गया है। भेड़ाघाट थाना प्रभारी कमलेश चौरिया के अनुसार पीड़ितों की शिकायत और वीडियो साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak