जबलपुर। जबलपुर के ग्वारीघाट थाना में उस वक्त हड़कम्प मच गया, जब शाम को गणना के दौरान थानाप्रभारी हरिकिशन आटनेरे से आरक्षक अजय लोधी अभद्रता कर गाली गलौज करने लगा। उसने टीआई की कॉलर पकड़ी तो पुलिस कर्मी दौड़ पड़े और आरक्षक को अलग किया। टीआई ने तत्काल घटना की शिकायत एसपी सम्पत उपाध्याय से की। जिसपर एसपी ने आरक्षक को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया। पुलिस विभाग में चल रही चर्चाओं में यह बात सामने आई कि ग्वारीघाट थाना में शाम के वक्त गणना चल रही रही, इस दौरान गणना ले रहे थानाप्रभारी हरिकिशन आटनेरे सभी पुलिस कर्मियों को कार्य संबंधी दिशा निर्देश दे रहे थे। एक-एक पुलिस कर्मी से चर्चा करते हुए थाना प्रभारी ने जैसे की आरक्षक अजय लोधी को उनके कार्य के बारे में समझाना चाहा तभी आरक्षक भड़क गया और अभद्रता करने लगा। थानाप्रभारी ने अनुशासन के दायरे में रहकर बात करने के लिए कहा तो वह सीधे टीआई से झपट पड़ा और उनकी कॉलर पकड़कर गाली गलौज पर उतारु हो गया। आरक्षक द्वारा की गई अभद्रता से अन्य पुलिस कर्मी कुछ देर के लिए स्तब्ध रह गए। इस बीच एसआई ने आरक्षक अजय लोधी को पकड़कर दूर किया। इसके बाद भी आरक्षक अभद्रता करता रहा। थानाप्रभारी हरिकिशन आटनेरे से इस बात की शिकायत एसपी संपत उपाध्याय से की, जिसे उन्होने गंभीरता से लेते हुए आरक्षक को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर जांच के आदेश दे दिए। इस घटना को लेकर पुलिस अधिकारियों से लेकर कर्मचारियों के बीच चर्चा का माहौल बना रहा।