khabar abhi tak

अपडेट: जबलपुर में वेयरहाउस आग से हड़कंप, बाल-बाल बचे नाइट शिफ्ट के कर्मचारी,देखें वीडियो


 


जबलपुर
। शहर से करीब 12 किलोमीटर दूर कटंगी बायपास स्थित यूनिटी लॉजिस्टिक पार्क में देर रात भीषण आग लग गई। यह आग इतनी भयानक थी कि इसकी लपटें कई किलोमीटर दूर से साफ दिखाई दे रही थीं। आग ने रिलायंस, ब्रिटानिया और डेलिवेरी जैसी 3 बड़ी कंपनियों के विशाल गोदामों को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने की इस घटना से करोड़ों रुपये का अनाज और अन्य पैकेज्ड फूड आइटम पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई बड़ा जानमाल का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

​तीन बड़े गोदाम आग की चपेट में

​कटंगी बायपास पर स्थित इस लॉजिस्टिक पार्क में देर रात अचानक आग भड़की। रात के समय तेज हवाएं चलने के कारण आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं। वेयरहाउस के भीतर तेल और अन्य पैकेज्ड फूड आइटम जैसे ज्वलनशील पदार्थ रखे हुए थे, जिन्होंने आग में घी का काम किया। कुछ ही मिनटों में आग ने रिलायंस, ब्रिटानिया और डेलिवेरी के गोदामों को अपने घेरे में ले लिया। डेलिवेरी कंपनी का लगभग 46000 वर्ग फीट, ब्रिटानिया का लगभग 45000 वर्ग फीट और रिलायंस का करीब 50000 वर्ग फीट का एरिया इस आग की चपेट में आ गया। इसके अलावा ब्रिटानिया का एक सामान से भरा ट्रक भी पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

​दमकल की 25 से अधिक गाड़ियों ने पाया काबू

​आग को बुझाने के लिए रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। नगर निगम के अलावा ऑर्डिनेंस फैक्ट्री खमरिया, व्हीकल फैक्ट्री, गन कैरिज फैक्ट्री और आसपास के क्षेत्रों से दमकल की गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। आग पर काबू पाने के लिए 25 से अधिक दमकल वाहनों और 100 से अधिक पानी के टैंकरों का इस्तेमाल किया गया। लगभग 150 से अधिक ट्रिप पानी और फोम कंपाउंड की मदद से करीब 7 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मंगलवार सुबह आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, गोदाम से अभी भी धुआं निकल रहा है, जिसे पूरी तरह शांत करने की कोशिश की जा रही है।

​नाइट शिफ्ट के कर्मचारी सुरक्षित निकाले गए

​हादसे के समय रिलायंस और ब्रिटानिया के गोदाम पूरी तरह बंद थे, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई। डेलिवेरी के वेयरहाउस में नाइट शिफ्ट के दौरान लगभग 50 कर्मचारी मौजूद थे। आग की लपटें देखकर सभी कर्मचारियों में अफरा-चमेली मच गई, लेकिन सभी लोग समय रहते बाहर निकलने में सफल रहे। डेलिवेरी कंपनी की पाली में कुल 150 कर्मचारी काम करते हैं। इनमें से अब तक 46 कर्मचारियों की पहचान की पुष्टि हो चुकी है। नए ट्रेनी कर्मचारियों का डेटा मिलान अभी किया जा रहा है।

फायर सेफ्टी सिस्टम की जांच होगी

​महापौर जगत बहादुर सिंह और स्थानीय विधायक सहित कई बड़े अधिकारी रात में ही घटनास्थल पर पहुंच गए थे। उन्होंने राहत और बचाव कार्यों का जायजा लिया। प्रशासन के अनुसार यहां रखे हाई वैल्यू स्टॉक के चलते कुल नुकसान का आंकड़ा करोड़ों रुपये तक पहुंच सकता है। आग लगने की प्राथमिक वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। अब एसडीआरएफ की टीम मौके पर कमान संभालेगी और सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि अंदर कोई फंसा न हो। माढ़ोताल थाना सहित 4 थानों का बल मौके पर तैनात है। प्रशासन वेयरहाउस के फायर सेफ्टी इंतजामों की भी जांच करेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak