जबलपुर। मंगलवार सुबह जबलपुर जिले के गोसलपुर थाना क्षेत्र में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे पर मिडवे के समीप तेज रफ्तार यात्री बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली में जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई, जिससे 25 यात्रियों के घायल होने की खबर सामने आई है।
ओवरटेक के प्रयास में हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली क्रमांक MP 20 A 0372 गेहूं लेकर जबलपुर की उपज् मंडी की ओर जा रहा था। इसी दौरान कटनी से जबलपुर की तरफ आ रही एक तेज रफ्तार यात्री बस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को ओवरटेक करने का प्रयास किया। ओवरटेक करते समय बस चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और चीख-पुकार मच गई।
ग्रामीणों और पुलिस की मदद से रेस्क्यू
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कर दिया। ग्रामीणों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। कुछ यात्रियों को गंभीर चोटें भी आई हैं। सूचना मिलते ही गोसलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार और लापरवाही से ओवरटेक करना माना जा रहा है।
