khabar abhi tak

दोस्ती में आई दूरियों ने लिया खूनी मोड़, लहूलुहान हालत में थाने पहुंचा पीड़ित



जबलपुर। शहर के हनुमानताल थाना क्षेत्र के अंतर्गत मदार टेकरी इलाके में एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। मंगलवार की रात करीब 12:05 बजे चारखम्बा छोटी मदार टेकरी निवासी 27 वर्षीय शहबाज अंसारी अपने दोस्तों के साथ बैठा था। शहबाज अलमारी और गोदरेज बनाने का काम करता है। वह बड़ी मदार टेकरी स्थित मदार गेट के सामने अपने दोस्त शाहरूख अंसारी और अरमान के साथ बातचीत कर रहा था। उसी समय सिंधी कैम्प निवासी आमिर वहां पहुंच गया।

​दूरी बनाने से थी नाराजगी

​शहबाज और आमिर पहले अच्छे दोस्त थे और एक साथ उठते-बैठते थे। कुछ समय पहले शहबाज ने आमिर से दूरी बना ली थी, जिससे आमिर नाराज चल रहा था। शहबाज को अपने दोस्तों के साथ बैठा देखकर आमिर भड़क गया और उसके साथ गाली-गलौज करने लगा। शहबाज ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी आमिर ने पास रखी नुकीली और धारदार वस्तु से शहबाज पर हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले में शहबाज के दाहिने हाथ की कलाई और पहली अंगुली में गंभीर चोटें आईं।

​जान से मारने की धमकी

​हमले के बाद शहबाज लहूलुहान हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी आमिर ने चिल्लाते हुए धमकी दी कि यदि दोबारा यहां दिखाई दिए तो जान से खत्म कर दूंगा। इसके बाद आरोपी वहां से भाग गया। पीड़ित शहबाज तुरंत हनुमानताल थाने पहुंचा और पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपी आमिर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak