कर्मचारी संघ ने की सांसद से मुलाकात
जबलपुर। मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने सांसद आशीष दुबे से मुलाकात की। इस दौरान कर्मचारियों की विभिन्न लंबित समस्याओं और मांगों के निराकरण के लिए विस्तार से चर्चा की गई। कर्मचारी संघ के संरक्षक योगेन्द्र दुबे के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने सांसद को अपनी मांगों से संबंधित एक पत्र भी सौंपा।
संयुक्त परामर्शदात्री समिति की बैठकें शुरू कराने की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने सांसद को बताया कि कलेक्टर कार्यालय में कर्मचारियों की संयुक्त परामर्शदात्री समिति की बैठकें काफी समय से आयोजित नहीं हो रही हैं। इन बैठकों को दोबारा नियमित रूप से शुरू कराया जाए ताकि स्थानीय स्तर की समस्याओं का समय पर समाधान हो सके। इसके साथ ही विभिन्न विभागों में अटके पदोन्नति आदेशों को तुरंत जारी करने, शासकीय आवासों की मरम्मत और नवीनीकरण कराने तथा किसी कार्यालय के बंद होने पर वहां के स्टाफ को जिले के ही दूसरे कार्यालयों में पदस्थ करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
चिकित्सा बीमा योजना का आदेश जारी कराने का आग्रह
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा प्रदेश के कर्मचारियों के लिए मुख्यमंत्री चिकित्सा बीमा योजना का लाभ देने की घोषणा की गई थी, लेकिन अब तक इसके आधिकारिक आदेश जारी नहीं हो सके हैं। इस संबंध में शासन स्तर से जल्द आदेश जारी कराने के लिए पत्र लिखने का आग्रह किया गया। सांसद आशीष दुबे ने सभी मांगों को ध्यानपूर्वक सुना और कर्मचारी संघ को आश्वस्त किया कि वे इस मांग पत्र को मुख्यमंत्री को भेजकर सहानुभूति पूर्वक कार्रवाई का अनुरोध करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय स्तर के मुद्दों के लिए जिले के कलेक्टर को भी पत्र लिखने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अटल उपाध्याय, देवेंद्र पचौरी, आलोक अग्निहोत्री, अर्जुन सोमवंशी, सुशील गुप्ता, राजाराम डेहरिया, एस पी बाथरे और बीरेंद्र चंदेल उपस्थित थे।
