भीषण गर्मी के चलते 25 जून तक छुट्टियां बढ़ाने के लिए लोक शिक्षण आयुक्त को भेजा गया मांग पत्र
1 जून से प्रस्तावित परीक्षा में बच्चों को बुलाने पर कर्मचारी संघ ने जताई चिंता
जबलपुर। मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ जबलपुर जिला शाखा ने भीषण गर्मी के प्रकोप को देखते हुए पांचवीं और आठवीं कक्षा की द्वितीय परीक्षा की समय सारणी में संशोधन करने और ग्रीष्मकालीन अवकाश को 25 जून तक बढ़ाने की मांग की है। संरक्षक योगेन्द्र दुबे के मार्गदर्शन में जिला पदाधिकारियों ने आयुक्त लोक शिक्षण संचालनालय को ई-मेल के माध्यम से एक मांग पत्र भेजा है। संघ के प्रदेश महामंत्री जितेंद्र सिंह, प्रदेश प्रवक्ता अनिल भार्गव, प्रदेश उपाध्यक्ष सुभाष शर्मा, रजनीश विश्वकर्मा और जिला अध्यक्ष अटल उपाध्याय का कहना है कि जब छात्रों का अवकाश 15 जून तक घोषित है, तो ऐसी तपती गर्मी में उन्हें 1 जून से शुरू होने वाली परीक्षा के लिए बुलाना बेहद कठिन कार्य होगा। इससे शासन की मंशानुसार बच्चों को योजना का पूरा लाभ नहीं मिल पाएगा, इसलिए परीक्षा 25 जून से शुरू कराई जाए।
जबलपुर जिले के कर्मचारी नेताओं ने शासन का ध्यान इस ओर आकर्षित किया है कि वर्तमान में पूरा शहर और आसपास के इलाके भीषण गर्मी की मार झेल रहे हैं। तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित है। ऐसी स्थिति में छोटे बच्चों को परीक्षा केंद्रों तक लाना उनके स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने जैसा होगा। कर्मचारी संघ का मानना है कि परीक्षा की तारीखों में बदलाव करने से ही अधिक से अधिक छात्र इस परीक्षा में शामिल हो सकेंगे और उन्हें शासन के निर्णय का वास्तविक लाभ मिल सकेगा।
जनगणना के कार्य में जुटे शिक्षक
इसके साथ ही संघ ने शिक्षकों की व्यावहारिक समस्याओं को भी सामने रखा है। इस समय स्कूलों में छुट्टियां होने के बावजूद शिक्षकों को विश्राम नहीं मिल पा रहा है। शिक्षक इस ग्रीष्म अवकाश के दौरान भी निरंतर जनगणना के महत्वपूर्ण कार्य में जुटे हुए हैं। एक तरफ जहां शिक्षक फील्ड में ड्यूटी कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ 1 जून से परीक्षा आयोजित होने पर व्यवस्थाएं बनाना और बच्चों को एकत्रित करना एक बड़ी चुनौती बन जाएगा। शासन की इस कल्याणकारी योजना का लाभ हर बच्चे तक पहुंचे, इसी उद्देश्य से मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ जबलपुर के जिला अध्यक्ष अटल उपाध्याय, देवेंद्र पचौरी, आलोक अग्निहोत्री, नरेश शुक्ला, प्रशांत सौंधिया, रजनीश पांडेय, योगेन्द्र मिश्रा, के जी पाठक, सतीश उपाध्याय, विनय नामदेव, अजय दुबे, राजा राम डेहरिया, अर्जुन सोमवंशी, सुशील गुप्ता, एस पी बाथरे, बृजेश मिश्रा, पंकज दुबे, अजीत वर्मा, योगेश देशमुख और अरुण पटेल ने एकजुट होकर समय सारणी बदलने की पुरजोर वकालत की है। इन सभी पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से मांग की है कि छात्र हित और व्यावहारिक परिस्थितियों को देखते हुए ग्रीष्मकालीन अवकाश 25 जून तक बढ़ाया जाए और इसी तारीख से पांचवीं व आठवीं की द्वितीय परीक्षा की नई समय सारणी घोषित की जाए।
