जबलपुर। जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए मंगलवार को जबलपुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जनसुनवाई हुई। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने शहर और ग्रामीण क्षेत्र के 75 शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं। इनमें मुख्य रूप से पारिवारिक विवाद, जमीन से जुड़े मामले, मारपीट और साइबर अपराध के प्रकरण शामिल रहे। एसपी श्री उपाध्याय ने सभी फरियादियों को आश्वस्त किया। उन्होंने मामलों का समय-सीमा में निराकरण करने के लिए संबंधित थाना प्रभारियों और राजपत्रित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। इसके साथ ही जिले के सभी थानों और चौकियों में भी जनसुनवाई आयोजित की गई। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात सुश्री अंजना तिवारी और नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली रीतेश कुमार शिव उपस्थित रहे। सभी ने शिकायतकर्ताओं की बात सुनकर उचित समाधान का भरोसा दिया।
