कर्मचारियों की समस्याओं पर एमडी ने दिया त्वरित कार्रवाई का आश्वासन
जबलपुर। जबलपुर में आज यूनाइटेड फोरम फ़ॉर पावर एम्पलाइज संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने पावर मैनेजमेंट कंपनी के प्रबंध संचालक विशेष गढ़पाले से शिष्टाचार भेंट की। पूर्व क्षेत्र कंपनी संयोजक एसके पचौरी के नेतृत्व में हुई इस बैठक में बिजली कर्मचारियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और विभागीय मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक का वातावरण काफी सकारात्मक रहा,जिसमें पदाधिकारियों ने कर्मचारियों की मांगों को प्रमुखता से प्रबंध संचालक के समक्ष रखा।
संवाद के साथ समन्वय पर जोर
श्री पचौरी के अनुसार, प्रतिनिधिमंडल के साथ चर्चा के दौरान प्रबंध संचालक विशेष गढ़पाले ने संगठन द्वारा उठाई गई कुछ गंभीर समस्याओं पर सहमति व्यक्त करते हुए उन पर तत्काल कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि बिजली विभाग के कामकाज को बेहतर बनाने और कर्मचारियों के हितों के संरक्षण के लिए प्रबंधन निरंतर प्रयास कर रहा है। इस सौजन्य मुलाकात के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने भविष्य में भी इसी तरह के समन्वय और संवाद के माध्यम से समस्याओं के निराकरण की उम्मीद जताई।इस महत्वपूर्ण बैठक में यूनाइटेड फोरम के आदित्य चौबे, राजकुमार पंथी, बृज विश्वकर्मा, राजू बैरागी, राकेश गोस्वामी, मनोज गुप्ता और शंभू नाथ सिंह सहित अन्य सदस्य मुख्य रूप से उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने एक स्वर में कर्मचारियों की कार्यदशाओं में सुधार और लंबित मांगों के समयबद्ध निराकरण की बात कही। एमडी के सकारात्मक रुख के बाद संगठन ने उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
