khabar abhi tak

जबलपुर: रादुविवि में सजेगा दीक्षांत समारोह का मंच, राज्यपाल होंगे मुख्य अतिथि



जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के 36वें दीक्षांत समारोह की रूपरेखा तैयार हो चुकी है। यह भव्य आयोजन जून 2026 में होना प्रस्तावित है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसकी औपचारिक प्रक्रिया शुरू करते हुए मध्यप्रदेश के राज्यपाल और कुलाधिपति श्री मंगुभाई पटेल को आमंत्रित किया है। कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा ने स्वयं राजभवन पहुंचकर महामहिम को निमंत्रण पत्र सौंपा और समारोह की अध्यक्षता करने का आग्रह किया। इस भेंट के दौरान कुलगुरु ने राज्यपाल का स्वागत विश्वविद्यालय द्वारा विशेष रूप से तैयार अंगवस्त्र भेंट कर किया।

​प्रशासनिक स्तर पर समितियों का गठन

​समारोह को व्यवस्थित रूप देने के लिए विश्वविद्यालय में बैठकों का दौर जारी है। हाल ही में कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा, कुलसचिव डॉ. रविशंकर सोनवाल और मुख्य समन्वयक प्रो. एस. एस. संधू की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक हुई। इस बैठक में आयोजन से जुड़ी विभिन्न समितियों के संयोजकों ने हिस्सा लिया। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य मई 2026 तक सभी प्रारंभिक तैयारियों को पूरा करना है, ताकि राज्यपाल की ओर से तिथि निर्धारित होते ही कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जा सके।

​व्यवस्थाओं और प्रबंधन की समीक्षा

​बैठक में स्वर्ण पदक और उपाधि वितरण की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल की साज-सज्जा, अतिथियों के बैठने की व्यवस्था, स्मारिका प्रकाशन, परिवहन और जनसंपर्क जैसे विषयों पर भी रणनीति बनाई गई। इस दौरान समिति के सदस्य प्रो. राकेश बाजपेयी, प्रो. सुरेन्द्र सिंह, परीक्षा नियंत्रक प्रो. एस.के. दुबे, प्रो. जे.के. मैत्रा, सहायक कुलसचिव श्री पवन साहू, डॉ. हरेकृष्ण पाण्डेय और श्री ओमप्रकाश यादव मौजूद रहे। विश्वविद्यालय का लक्ष्य इस दीक्षांत समारोह को ऐतिहासिक और भव्य बनाना है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak