पुलिस के अनुसार आकाश राजपूत उम्र 25 वर्ष निवासी अच्छेमिया का बाड़ा शीतलामाई घमापुर की राज सोनकर व साहिल ठाकुर के साथ पुरानी रंजिश चली आ रही है। जिसके चलते दोनों बदमाश हर वक्त बदला लेने की फिराक में रहते थे। बीती रात 11 बजे के लगभग दोनों बदमाश हथियारों से लैस होकर गाली गलौज करते हुए आकाश के घर में घुस गए। आकाश ने दोनों को गाली गलौज करने से मना किया तो तलवार व चाकू निकालकर हमला कर दिया। आकाश पर हमला होते देख प्रकाश सिंह राजपूत बीच बचाव करने आया तो उसपर भी प्राणघातक हमला किया। आकाश व प्रकाश पर हमला होते देख परिजनों में चीख पुकार मच गई, शोर सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए, जिन्हे देख हमलावर धमकी देते हुए भाग निकले। घटना की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए, जिन्होने घायलों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाकर हमलावरों की तलाश शुरु कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त रहा।