जबलपुर। कैंट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रानी अवंती बाई वार्ड यानी भटौली क्षेत्र में फर्नीचर क्लस्टर की स्थापना के लिए जमीन आवंटित करने की मांग की गई है। कैंट विधायक अशोक रोहाणी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मिलकर पत्र सौंपा, जिसमें क्लस्टर सम्बन्धी जानकारी दी गयी है।
रोजगार के नए अवसर का होगा निर्माण
विधायक ने पत्र में जानकारी दी है कि इस क्षेत्र में फर्नीचर उद्योग से जुड़े कई छोटे और मध्यम उद्यमी काम कर रहे हैं। यहां के कारीगरों द्वारा बनाया गया फर्नीचर अपनी बेहतरीन गुणवत्ता के लिए पूरे प्रदेश में पहचाना जाता है। वर्तमान में उचित स्थान और मूलभूत सुविधाओं के अभाव में ये उद्यमी अपनी पूरी क्षमता का उपयोग नहीं कर पा रहे हैं। यदि भटौली क्षेत्र में एक व्यवस्थित फर्नीचर क्लस्टर विकसित किया जाता है तो इससे क्षेत्र के हजारों युवाओं और पारंपरिक कारीगरों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के साधन मिलेंगे।
कम होगी उत्पादन लागत और बढ़ेगी पहचान
क्लस्टर बनने से फर्नीचर बनाने की लागत कम हो जाएगी और जबलपुर एक प्रमुख फर्नीचर हब के रूप में उभर सकेगा। विधायक ने आग्रह किया कि भटौली क्षेत्र में उपलब्ध शासकीय भूमि को फर्नीचर क्लस्टर के लिए आरक्षित किया जाए। साथ ही उन्होंने संबंधित विभाग को अधोसंरचना विकास के लिए आवश्यक दिशा निर्देश जारी करने का अनुरोध किया है ताकि स्थानीय स्तर पर उद्योग को बढ़ावा मिल सके और विकास को गति प्राप्त हो।
