पुलिस अधिकारियों द्वारा की गई जांच में सामने आया है कि एक सप्ताह पहले रात करीब 1 बजे मुख्य आरोपी अजीत बाहेश्वर उम्र 22 वर्ष मोटर साइकल से 9वीं कक्षा में अध्ययनरत छात्रा उम्र 15 वर्ष के घर आया। उसने छात्रा को बहलाया-फुसलाया और अपने दोस्त की बाइक पर बैठाकर उसे गांव से करीब एक किलोमीटर दूर खेत में ले गया। जहां पर छात्रा के साथ अश£ील हरकतें करने लगा, छात्रा ने विरोध किया तो मारपीट करते हुए रेप किया। वारदात के बाद छात्रा ने घर छोडऩे की गुहार लगाई, लेकिन अजीत बाहेश्वर ने अपने दोस्त लवकुश कोहरे को उसे छोडऩे भेज दिया। लवकुश उसे लेकर निकला, लेकिन आधे रास्ते में छोड़कर चला गया। आधीरात में छात्रा डरी-सहमी चलती रही, लेकिन घर पहुंचने की हिम्मत नहीं जुटा पाई तो आरोपी को फोन किया। उसने अजीत को फोन कर मदद मांगी, लेकिन अजीत ने सो रहा हूं कहकर फोन काट दिया और उसे अकेला छोड़ दिया। छात्रा वारदात वाली जगह से घर के करीब पहुंची। टेंशन में उसने पुलिया पर लोहे के एंगल से फांसी लगा ली। दूसरे दिन सुबह उसका शव फंदे पर लटका मिला। परिजन ने हत्या और दुष्कर्म की आशंका जताई, लेकिन शुरुआती जांच में मामला स्पष्ट नहीं हो सका।
समाज-जनप्रतिनिधियों के दबाव में खुला केस-
वारदात के दो दिन बाद मुस्लिम समाज के लोगों ने पीडि़त परिवार के साथ मिलकर निष्पक्ष जांच की मांग का ज्ञापन सौंपा। फिर समाज की बैठक हुई। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई। गांव में अब भी आक्रोश है। रेप के बाद सुसाइड की खबर मिलते ही स्थानीय विधायक अनुभा मुंजारे पीडि़त परिवार से मिलने पहुंचीं। उन्होंने सख्त कार्रवाई और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। बढ़ते दबाव के चलते पुलिस ने जांच तेज की।
सीसीटीवी-कॉल डिटेल से खुला राज-
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल कॉल डिटेल्स खंगाले तो घटनाक्रम की कडिय़ां जुडऩे लगीं। छात्रा का रात में घर से निकलना, आरोपी के साथ लोकेशन और बाद के फोन कॉल ने केस को नई दिशा दी। इन्हीं साक्ष्यों पर पुलिस ने मामला आत्महत्या से बदलकर दुष्कर्म और आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में दर्ज किया।
एक आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार-
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के दोस्त लवकुश कोहरे गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्य आरोपी अजीत बाहेश्वर अभी भी फरार है। पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।