जबलपुर। पनागर और पाटन में अवैध रूप से शराब सप्लाई करने के मामले में पुलिस ने रविवार को छापा मारकर लोडिंग पिकअप और ऑटो कार को पकड़ा। पुलिस ने दोनों वाहनों से छ हजार आठ सौ पचास पाव देशी शराब की खेप जब्त की। पुलिस के मुताबिक पिकअप चालक और उसके साथी भागने में कामयाब रहे। कार में सवार एक युवक को पुलिस ने पकड़ लिया।
पनागर थाना प्रभारी विपिन बिहारी सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना पर वाहन क्रमांक एमपी 20 जेड के 4108 में अवैध शराब लोड कर कटनी तरफ से जबलपुर तरफ आते समय पकड़ा। वाहन में चालक एवं 1 अन्य व्यक्ति बैठे थे। पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया था। चालक द्वारा वाहन नहीं रोका गया। पिकअप का पीछा किया गया। पिकअप का चालक बघेली मोड़ एनएच 30 जबलपुर कटनी रोड पर पिकअप घुमाकर खड़ी किया और चालक अपने एक अन्य साथी के साथ भाग गया। पिकअप की छानबीन में 128 कार्टून में देशी शराब के कुल 6 हजार 400 पाव कुल कीमती लगभग 6 लाख 7 हजार 300 रूपये के रखे मिले।
इसी तरह पाटन थाना प्रभारी गोपिन्द्र सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना पर अाल्टो कार क्रमांक एमपी 20 जेड एक्स 4178 में भारी मात्रा में अवैध शराब की पेटियां जब्त की। कार चालक जबलपुर तरफ से कटरा बेलखेड़ा तरफ शराब लेकर जा रहा था। पाटन मनकेड़ी रोड़ चौधरी मोहल्ला पाटन आरा मशीन के सामने दबिश दी। कार को रोकने का प्रयास किया लेकिन कार चालक नहीं रूका। कार का पीछा किया। कार से तीन लड़के उतरकर झाड़ियों में भागने में सफल हो गये। कार चालक को घेराबंदी कर पकड़ा गया जिसने पूछताछ पर अपना नाम जितेन्द्र जैन निवासी कछार गांव थाना ढीमरखेड़ा बताया। कार से उतरकर भागने वालों के नाम चक्की ठाकुर, सत्तू एवं बंटा उर्फ शिवम तिवारी निवासी कुंसरी बताया। तलाशी लेने पर कार की डिक्की में 9 कार्टून में कुल 450 पाव देशी शराब कीमती लगभग 45 हजार रूपये के रखे मिले।
