![]() |
| मृतक कपिल का जीवित अवस्था का चित्र |
घर लौट रहे युवकों को रास्ते में रोका, कमर के नीचे चाकू लगने से अस्पताल में हुई थी मौत
जबलपुर। मदन महल थाना क्षेत्र में डीजे का काम करने वाले युवक कपिल प्यासी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने वारदात के 12 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। जानकारी के अनुसार, मदन महल स्थित एक रेस्टोरेंट के पीछे देर रात कुछ युवक शराब पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद अतुल प्यासी और कपिल प्यासी का कुछ अन्य युवकों से विवाद हो गया। शराब के नशे में गाली-गलौज के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया, जिसके बाद दोनों पक्ष अलग हो गए।
पीछा कर रास्ते में रोका और मार दिया चाकू
कपिल और अतुल अपने घर के लिए निकल गए, लेकिन आरोपी रंजिश पाले रहे। कुछ देर बाद आरोपियों ने बाइक से कपिल और अतुल का पीछा किया। तीन पत्ती स्थित यूसीओ बैंक के पास एक रेस्टोरेंट के सामने आरोपियों ने उन्हें रोक लिया और दोबारा विवाद शुरू कर दिया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने कपिल प्यासी पर चाकू से हमला कर दिया। उसकी कमर के नीचे चाकू मारा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। परिजन और स्थानीय लोग उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद शहर में वीआईपी मूवमेंट के चलते पुलिस पर अतिरिक्त दबाव था, इसके बावजूद बस स्टैंड चौकी पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
