जबलपुर। शहर को स्वच्छ, सुंदर और यातायात को सुगम बनाने के लिए नगर निगम जबलपुर इन दिनों पूरी मुस्तैदी से मैदान पर डटा हुआ है। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू एवं निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार के निर्देशानुसार शहर के सभी संभागों में लगातार सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने की कार्रवाई की जा रही है।इसी कड़ी में आज संभाग क्रमांक 10 रांझी में नगर निगम के अतिक्रमण दल और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक संयुक्त और प्रभावी कार्रवाई की। गुप्ता स्वीट्स द्वारा दुकान के बाहर सड़क पर अतिक्रमण करने और प्रतिष्ठान के आस-पास गंदगी फैलाने की शिकायतें सामने आ रही थीं, जिससे राहगीरों और यातायात को असुविधा हो रही थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तत्काल चालानी कार्रवाई की।
कचरा डस्टबिन में डालने की अपील
नगर निगम की इस त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई की स्थानीय नागरिकों और राहगीरों ने भी सराहना की है, क्योंकि इससे रांझी क्षेत्र के मुख्य मार्गों पर यातायात सुगम होगा और स्वच्छता के प्रति अन्य दुकानदारों में भी जागरूकता आएगी। निगम प्रशासन ने सभी नागरिकों और व्यापारी बंधुओं से अपील की है कि वे अपनी दुकानों का सामान सीमा के भीतर ही रखें और कचरा डस्टबिन में ही डालें, ताकि जबलपुर को नंबर वन और आदर्श शहर बनाया जा सके।
