जबलपुर। अधारताल के संजय नगर क्षेत्र में अमित केवट पर जीजा जितेन्द्र केवट ने गाली गलौज कर बके से हमला कर दिया, हमले में अमित के सिर व कंधे में गंभीर चोटें आई है। हमला सिर्फ इस बात को लेकर किया कि अमित की बहन ने दूसरी शादी कर ली थी जिससे जीजा जितेन्द्र केवट आक्रोशित था।
पुलिस के अनुसार संजय नगर अधारताल निवासी अमित केवट उम्र 26 वर्ष ड्रायवरी करता है। अमित की बहन ने कुछ दिन पहले दूसरी शादी कर ली, जिससे उसका जीजा जितेन्द्र गुस्से से आग बबूला हो गया और वह इस बात को लेकर अमित से बदला लेने की फिराक में घूम रहा था। दोपहर तीन बजे के लगभग अमित अपने घर के बाहर बैठा मोबाइल फोन पर किसी से बातचीत कर रहा था, इस दौरान उसका जीजा जितेन्द्र केवट आया और गाली गलौज करने लगा। अमित ने गाली देने का विरोध किया तो यह कहते हुए बका से हमला कर दिया कि तेरी बहन ने बहुत पैसा खर्च कराया है अब दूसरे के साथ रहने लगी। हमले में अमित के सिर व कंधे में चोट आई और वह गिर गया। हमला होते देख आसपास के लोगों सहित परिवार के सदस्य पिता, बहन, मां सहित अन्य लोग आ गए, जिन्होने अमित को देखा तो उठाकर अस्पताल पहुंचाया। वहीं घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई, जिन्होने पूछताछ के बाद आरोपी जितेन्द्र केवट पर धारा 296, 115(2), 118(1), 119(1), 351(2), बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर तलाश शुरु कर दी है। विवेचना में लिया गया।