भोपाल. नौतपा शुरू होने से पहले ही एमपी में सूरज ने अपने तेवर दिखाना शुरू कर दिया है. प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह से ही गर्म हवाएं चलने लगी हैं और दोपहर होते-होते सड़कें सूनी नजर आ रही हैं. मौसम विभाग ने शुक्रवार 22 मई को प्रदेश के 41 जिलों में लू और तीव्र लू का अलर्ट जारी किया है.
मौसम विभाग के मुताबिक बुंदेलखंड और ग्वालियर-चंबल अंचल सबसे ज्यादा तप रहे हैं, यहां तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने का अनुमान है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले तीन से चार दिन तक लोगों को भीषण गर्मी और झुलसाने वाली हवाओं का सामना करना पड़ेगा.
आज 4 जिलों में रेड अलर्ट, सावधनी बरतने की चेतावनी
मौसम विभाग ने निवाड़ी, छतरपुर, पन्ना और सतना जिलों में तीव्र लू का रेड अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच सकता है. तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. प्रशासन ने बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने और दोपहर में 3 बजे बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है.
जबलपुर, भोपाल समेत 20 जिलों में येलो अलर्ट
राजधानी भोपाल सहित 20 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. भोपाल, उज्जैन, रतलाम, मंदसौर, सीहोर, रायसेन, जबलपुर और बालाघाट जैसे जिलों में तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है. भोपाल में दिन का तापमान 42 डिग्री और रात का तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. गर्म हवाओं के कारण अब रातों में भी राहत नहीं मिल रही. ऐसे में लोग देर रात तक गर्मी और उमस से परेशान हो रहे हैं.
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया क्यों बढ़ रही इतनी गर्मी
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, प्रदेश के ऊपर कई मौसमी सिस्टम एक साथ सक्रिय हैं. पश्चिमी विक्षोभ, चक्रवातीय परिसंचरण और ट्रफ लाइन बनने के बावजूद राजस्थान से आ रही गर्म हवाएं पूरे मध्य प्रदेश को झुलसा रही हैं. इसी वजह से तापमान लगातार बढ़ रहा है और लू का असर तेज बना हुआ है.
