सागर. मध्य प्रदेश में जब तापमान 44 से 45 डिसे के बीच चल रहा है, लोग भीषण गर्मी से बेहाल हैं. ऐसे में एक युवक, पत्नी व 2 साल की बेटी को लेकर टीवी टावर पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी देने लगे तो शासन-प्रशासन के हाथ-पांव फूलना लाजमी है. यह घटना सागर के केंट क्षेत्र में गुरूवार को सामने आयी है. अधिकारियों की कड़ी मशक्कत और मनुहार के बाद करीब 6 घंटे बाद इस उलझन को सुलझा लिया गया. ड्रामे के बाद पति-पत्नी और उसकी बेटी टावर के नीचे उतरे.
बताया जाता है कि बलराम अहिरवार नाम का युवक गुरुवार दोपहर अपनी पत्नी और दो साल की बेटी के साथ कैंट इलाके में लगे टीवी टावर पर चढ़ गया. पुलिस को जैसे ही मामले की सूचना मिली तो वह मौके पर पहुंची और युवक को उतारने के लिए प्रयास करने लगी. उससे लगातार मोबाइल पर बात की गई तो उसका कहना था कि मोतीनगर थाने में उसे बुलाकर बिना किसी कारण मारपीट की गई है. वह इस बात पर अड़ा था कि मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत को यहां बुलाया जाए और उन पर कार्रवाई की जाए, तभी वह उतरेगा.
पुलिस पिटाई से नाराज था युवक
घंटों यह ड्रामा चलता रहा, पुलिस के आला अधिकारी, एसडीआरएफ और सेना की रेस्क्यू टीम को भी मौके पर बुलाया गया. रात करीब 8 बजे एसपी अनुराग सुजानिया और आजाद पार्टी अध्यक्ष ने युवक से मोबाइल पर बात की और कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब जाकर युवक टावर से नीचे उतरा. करीब 6 घंटे के ड्रामे के बाद पति-पत्नी और उसकी बेटी टावर के नीचे उतरे.
मोतीनगर थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप
गुरुवार दोपहर में पीली कोठी दरगाह के पीछे पहाड़ी पर लगे टीवी टावर पर एक युवक बलराम अहिरवार अपनी पत्नी और दो साल की मासूम बेटी के साथ चढ़ गया. कुछ ही देर में यह खबर पुलिस तक पहुंची और पुलिस मौके पर पहुंचकर मोबाइल पर बात कर युवक को मनाने का प्रयास करती रही, लेकिन वह मामने को तैयार नहीं था. लेकिन बलराम अहिरवार का आरोप था कि उसे और उसके पत्नी पर झूठा मामला दर्ज करके थाने बुलाकर मारपीट की गई. उसका मोबाइल छीन लिया गया और उसके द्वारा सीएम हेल्पलाइन की शिकायत को जबरन वापस कराया गया. साथ ही उसके पैसे भी छीन लिए गए. उसने मोती नगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत पर आरोप लगाते हुए कहा कि जब तक वह यहां नहीं आएंगे और उन पर कार्रवाई नहीं की जाएगी, तब तक वह टावर पर चढ़ा रहेगा.
एसपी ने की बात, तब माना
दोपहर बाद शुरू हुआ हंगामा देश शाम तक चलता रहा. पहले पुलिस के आरक्षक, सब इंस्पेक्टर जैसे लोग उसको मनाते रहे. लेकिन जब युवक नहीं माना तो सीएसपी और एडिशनल एसपी मौके पर पहुंचे और युवक को काफी मनाने की कोशिश की. अप्रिय स्थिति देखते हुए मौके पर एसडीआरएफ की टीम और सेना की रेस्क्यू टीम को भी बुलाया गया. साथ में सागर एसपी अनुराग सुजानिया खुद मौके पर पहुंचे और युवक से बातचीत करना शुरू की. इसी दौरान आजाद पार्टी मध्य प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष सुनील अस्तेय मौके पर पहुंचे और सागर एसपी और उन्होंने युवक से बातचीत की. जब उसे आश्वासन दिया कि आपकी जो भी मांग है, उन पर वैधानिक तरीके से कार्रवाई की जाएगी और जो भी जिम्मेदार होगा, उसे बक्शा नहीं जाएगा. तब जाकर रात करीब 8 बजे युवक टीवी टावर से नीचे उतरा और पुलिस ने राहत की सांस ली.
