सिंगरौली. मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के चितरंगी थाना क्षेत्र के धानी गांव में सोमवार 25 मई की सुबह एक नाबालिग लड़की प्रेम प्रसंग के चलते हाईटेंशन बिजली के टावर पर चढ़ गई। लगभग 100 फीट ऊंचे टावर पर चढऩे से गांव में हड़कंप मच गया। करीब तीन घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद पुलिस और परिजनों की समझाइश पर नाबालिग सुरक्षित नीचे उतर आई।
घटना सोमवार सुबह करीब 9 बजे हुई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही चितरंगी पुलिस मौके पर पहुंची। नाबालिग अपने साथ मोबाइल फोन लेकर टावर पर चढ़ी थी, लेकिन वह किसी का कॉल रिसीव नहीं कर रही थी।
पुलिस ने युवक के मोबाइल से कॉन्फ्रेंस कॉल किया
चितरंगी थाना प्रभारी सुदेश तिवारी ने बताया कि परिजनों से पूछताछ में सामने आया कि नाबालिग का गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी बात को लेकर वह नाराज होकर टावर पर चढ़ गई थी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने युवक के मोबाइल से कॉन्फ्रेंस कॉल कराया और शांतिपूर्वक बातचीत के जरिए नाबालिग को समझाने का प्रयास किया। करीब तीन घंटे तक चली बातचीत और समझाइश के बाद नाबालिग दोपहर लगभग 12 बजे टावर से सुरक्षित नीचे उतर आई। इसके बाद पुलिस और परिजन उसे इलाज और स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल ले गए। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के दौरान टावर के आसपास बड़ी संख्या में ग्रामीण और लोग जमा हो गए थे।
