जबलपुर. रेलवे यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु चलाए जा रहे ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), जबलपुर मंडल को एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। आरपीएफ टीम ने विभिन्न राज्यों में वांछित एक अंतर्राज्यीय शातिर आदतन अपराधी को सतर्कता, साहस एवं उत्कृष्ट पेशेवर दक्षता का परिचय देते हुए गिरफ्तार किया।
आरपीएफ से बचकर भागा, तालाब में कूदा था
दिनांक 06 अप्रैल 2026 को प्रात:कालीन निवारक ड्यूटी के दौरान सिहोरा रेलवे स्टेशन पर तैनात आरपीएफ स्टाफ ने लगभग 04:50 बजे ट्रेन संख्या 11753 से ऑफ-साइड उतरकर संदिग्ध परिस्थितियों में स्टेशन परिसर से भागने का प्रयास कर रहे एक व्यक्ति को देखा। संदेह होने पर आरपीएफ कर्मियों ने तत्काल उसका पीछा किया। गिरफ्तारी से बचने के उद्देश्य से आरोपी पास स्थित बाजार क्षेत्र के निकट एक तालाब में कूद गया। आरपीएफ स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए स्थानीय पुलिस से समन्वय स्थापित किया तथा गोताखोरों की सहायता से संयुक्त प्रयास कर आरोपी को सुरक्षित बाहर निकालकर पुन: स्टेशन लाया गया। आरोपी द्वारा पुन: भागने का प्रयास किए जाने पर आरपीएफ कर्मियों ने साहस एवं कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए, मामूली चोटें लगने के बावजूद उसे काबू कर गिरफ्तार किया।
आरोपी की पहचान
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने एवं भ्रामक जानकारी देने का प्रयास किया। किंतु आरपीएफ की पेशेवर पूछताछ एवं तकनीकी सत्यापन के दौरान वर्ष 2018 के एक अंग्रेजी समाचार पत्र में प्रकाशित फोटो के आधार पर उसकी पहचान सुनिश्चित की गई। नाम: हरविंदर सिंह (आयु 32 वर्ष),पिता का नाम: सुरिंदर सिंह निवासी: मोहल्ला खेड़ा, वार्ड नं. 24, मकान नं. 20, थाना हल्दौर, जिला बिजनौर, उत्तर प्रदेश।
जीआरपी के इन थानों में एफआईआर
उसके विरुद्ध जीआरपी भोपाल, जीआरपी इटारसी, जीआरपी उज्जैन, जीआरपी इगतपुरी, थाना राजगढ़, थाना वालचंद नगर (पुणे), थाना एमआईडीसी (मुंबई), जीआरपी एवं थाना विशाखापट्टनम, जीआरपी गुडीवाडा, साथ ही, विभिन्न न्यायालयों के लंबित एवं फरार वारंट भी पुष्टि किए गए।
ऐसे करता था अपराधों को अंजाम
आरोपी यात्रियों को लक्ष्य बनाकर ट्रेनों में चोरी करता था। पहचान छिपाने हेतु कोई वैध पहचान पत्र साथ नहीं रखता तथा लगातार सिम कार्ड बदलकर कानून प्रवर्तन एजेंसियों से बचने का प्रयास करता था। इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक श्री राजीव खरब, उप निरीक्षक श्री अरविंद, कांस्टेबल विनय मौर्य, कांस्टेबल आशीष यादव
समारोह में सम्मानित
उत्कृष्ट कार्य हेतु आरपीएफ टीम को 9 अप्रैल गुरूवार को निम्न अधिकारियों द्वारा सम्मानित किया गया, जिसमें प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त/पमरे श्री राजीव कुमार यादव, मंडल रेल प्रबंधक, जबलपुर श्री कमल कुमार तलरेजा, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री आनंद कुमार, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, जबलपुर श्री मो. मुनव्वर खान, वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय) श्री राहुल जयपुरियार, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री मधुर वर्मा तथा अन्य शाखा अधिकारियों की उपस्थिति में।

