जबलपुर। गोरखपुर थाना क्षेत्र के सेठी नगर में बिजली चोरी का पंचनामा बनने से नाराज उपभोक्ता प्रेम ठाकुर उर्फ छोटू ने अपने दो नकाबपोश साथियों के साथ मिलकर विद्युत विभाग के आउटसोर्स मीटर रीडर अनमोल तिवारी का अपहरण कर उसे बंधक बनाया और बेरहमी से पीटकर झूठा वीडियो तैयार कराया, जिसके बाद विभाग ने मुस्तैदी दिखाते हुए रविवार की छुट्टी के दिन पुलिस बल के साथ सेठी नगर में ताबड़तोड़ छापेमारी कर मुख्य आरोपी सहित अन्य बकायेदारों के कनेक्शन काट दिए और तीन नए बिजली चोरों अखिलेश सोनकर, पवन ठाकुर एवं राहुल चक्रवर्ती पर मामला दर्ज किया है। अधीक्षण अभियंता संजय अरोरा के निर्देश पर पीड़ित कर्मचारी को 10000 रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है और पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 296 (बी), 115(2), 351(3) एवं 3 (5) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सरकारी काम में बाधा डालने और मारपीट पर सख्त कानूनी कदम
श्री अरोरा के अनुसार, विद्युत मंडल का आउटसोर्स कर्मचारी अनमोल तिवारी शनिवार को दोपहर 3 बजे के आसपास सेठी नगर पानी की टंकी के पास रूटीन मीटर रीडिंग का काम कर रहा था। उसी दौरान वहां पहुंचे सेठी नगर निवासी प्रेम ठाकुर और उसके दो अज्ञात साथियों ने कर्मचारी को जबरन अपनी गाड़ी में बैठाया और प्रेम ठाकुर के घर ले गए। वहां उसे आधे घंटे तक कमरे में बंद रखकर बुरी तरह पीटा गया और गाली-गलौज की गई। आरोपी ने कर्मचारी पर दबाव बनाया कि पिछले महीने उसके घर पर जो बिजली चोरी का पंचनामा बना था, उसकी पेनाल्टी की राशि अब कर्मचारी को ही भरनी पड़ेगी। इसके बाद आरोपी ने अनमोल का एक वीडियो रिकॉर्ड किया जिसमें जबरन यह कुबूल करवाया गया कि उसने उपभोक्ता से 35000 रुपये लिए हैं। वारदात के दौरान ही आरोपी ने कर्मचारी से जूनियर इंजीनियर अरुण मालवीय को फोन लगवाकर बिल में सुधार करने की बात भी कहलवाई।
विद्युत चोरी का पुराना रिकॉर्ड
विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार, परिसर में 4 मई 2026 को प्रेम ठाकुर के घर पर बिजली चोरी का मामला पकड़ा गया था। इस प्रकरण में विभाग की तरफ से 27,402 रुपये की पेनाल्टी और कम्पाउंडिंग राशि निर्धारित की गई थी। इस पुरानी राशि और वर्तमान बिजली बिल को मिलाकर उपभोक्ता पर कुल 35000 रुपये का बकाया चल रहा था। इसी बकाया राशि और कार्रवाई के बदले की भावना से इस पूरी वारदात को अंजाम दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही विभागीय अधिकारी रात में ही कर्मचारी को लेकर गोरखपुर थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल पीड़ित का डॉक्टरी मुलाहजा करवाया और आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
इतवार की छुट्टी के दिन पुलिस बल के साथ तगड़ा सर्च ऑपरेशन
कर्मचारी के साथ हुई इस गुंडागर्दी के विरोध में विद्युत विभाग ने रविवार को अवकाश होने के बावजूद पुलिस बल को साथ लेकर पूरे सेठी नगर क्षेत्र में एक बड़ा कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया। इस कार्रवाई के तहत सबसे पहले मुख्य आरोपी प्रेम ठाकुर के घर की सर्विस लाइन और मीटर को उखाड़कर जब्त कर लिया गया। इसके साथ ही इलाके के अन्य बकायेदारों के कनेक्शन भी मौके पर ही काट दिए गए। सघन चेकिंग के दौरान तीन अन्य उपभोक्ताओं अखिलेश सोनकर, पवन ठाकुर और राहुल चक्रवर्ती के परिसरों में भी सीधे तौर पर बिजली की चोरी पकड़ी गई, जिस पर कार्रवाई करते हुए धारा 135 के तहत नए प्रकरण बनाए गए और उनके कनेक्शन खंभे से काट दिए गए। विभाग ने साफ किया है कि इस मामले में आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए विशेष वकील नियुक्त किया जाएगा।
