गुना। एमपी के गुना शहर के कैंट थाना क्षेत्र के तहत नानाखेड़ी काली माता मंदिर के पास रहने वाली एक 26 वर्षीय महिला कीर्ति कुशवाहा ने शुक्रवार 27 मार्च की दोपहर करीब 12 बजे अपने घर पर फांसी लगा ली। महिला ने अपनी 6 माह की बेटी के मुंह और नाक में भी रुई ठूंस दी थी। जिला अस्पताल में पुलिस महिला के शव का पीएम कर रही है।
गर्मी और बिजली बिल पर था विवाद
महिला के ससुर ने बताया कि कई दिनों से बिजली का कनेक्शन बकाया होने से कटा हुआ है। इधर गर्मी तेज होते ही महिला ने कनेक्शन जुड़वाने की स्वजनों से गुहार लगाई थी और कहा था कि रुपया एकत्रित करके सभी लोग कनेक्शन जुड़वा लो। इसी बात को लेकर बीते 3 दिन से विवाद चल रहा था।
बीती शाम भी किया था आत्मघाती प्रयास
बीती शाम भी महिला ने कमरे की कुंडी लगाकर प्रयास किया था और बच्ची को भी अंदर ही ले लिया था, लेकिन सास ने रोक लिया था। आज जब सभी स्वजन मजदूरी पर गए थे, तभी मौका पाकर महिला ने अपनी चुन्नी से फांसी लगा ली। सास के अनुसार, उसने बच्ची के मुंह और नाक से रुई निकालकर उसकी जान बचाई। बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है और महिला का पीएम चल रहा है।
