अधारताल पुलिस की हिरासत में आरोपी जावेद और पूनम, राजस्थान तक जुड़े तार
जबलपुर। अधारताल क्षेत्र में हिंदू धर्म सेना के कार्यकर्ताओं ने एक गारमेंट दुकान का बोर्ड तोड़ा और विरोध प्रदर्शन किया। संगठन का आरोप है कि विशेष समुदाय के लोग अपनी पहचान छिपाकर हिंदू नामों से व्यापारिक प्रतिष्ठान चला रहे हैं और इसकी आड़ में अनैतिक गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि शहर में पहचान बदलकर व्यापार करने वालों के खिलाफ उनका अभियान जारी रहेगा।विरोध प्रदर्शन का मुख्य कारण पिछले दिनों उजागर हुआ मानव तस्करी का मामला है। अधारताल पुलिस ने पिंकी शॉप नामक गारमेंट दुकान के संचालक मोहम्मद जावेद हुसैन को एक युवती का सौदा करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि जावेद ने अपनी महिला साथी पूनम के साथ मिलकर दुकान पर काम करने वाली 19 वर्षीय युवती को राजस्थान के एक व्यक्ति को 2 लाख रुपये में बेच दिया था। आरोपी ने दुकान का नाम पिंकी शॉप रखा था, जिससे उसकी वास्तविक पहचान छिपी हुई थी।
चार महीने तक बंधक रही गोहलपुर की युवती,किसी तरह बचकर लौटी
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गोहलपुर निवासी युवती 11 दिसंबर 2025 को लापता हुई थी। परिजनों ने आधारताल थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। युवती को राजस्थान के कोटा निवासी पारस के पास बंधक बनाकर रखा गया था। करीब 4 महीने बाद 18 मार्च को युवती किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटकर जबलपुर पहुंची और आपबीती सुनाई। पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने मोहम्मद जावेद और पूनम को हिरासत में लिया, जबकि उज्जैन निवासी ईश्वर और राजस्थान के पारस की तलाश की जा रही है।
पुलिस प्रशासन को सख्त कार्रवाई करने दिया ज्ञापन
हिंदू धर्म सेना के प्रदेश अध्यक्ष नीरज राजपूत और कार्यकर्ता मुकेश रजक के नेतृत्व में आधारताल थाना प्रभारी को शिकायत पत्र सौंपा गया। संगठन ने मांग की है कि पुलिस ऐसे सभी प्रतिष्ठानों को चिन्हित करे जो भ्रामक नामों से संचालित हो रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र की अन्य दुकानों जैसे डीएल ऑनलाइन और मैडम टेलर के संचालकों से भी पूछताछ की, जहां संचालक की पहचान दुकान के नाम से अलग पाई गई। संगठन का तर्क है कि नाम बदलकर व्यापार करने से सामाजिक भ्रम पैदा होता है और इसके पीछे बड़ी साजिश हो सकती है।
टीआई ने दिया उचित जांच का आश्वासन
हंगामे की सूचना मिलते ही टीआई प्रवीण सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को शांत कराते हुए आश्वस्त किया कि पुलिस नियमानुसार कार्रवाई करेगी। पुलिस प्रशासन ने कहा है कि दुकानदारों को समझाइश दी जाएगी कि वे अपनी सही पहचान के साथ ही व्यापारिक बोर्ड लगाएं ताकि किसी भी प्रकार की गलतफहमी या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए राजस्थान और उज्जैन में दबिश दे रही है।
