जबलपुर। हिंदू नव वर्ष और चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व पर जय माता दी भक्त परिवार द्वारा श्रद्धा और उल्लास के साथ भव्य चुनरी यात्रा निकाली गई। संस्कारधानी के धार्मिक वातावरण के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में मां बड़ी खेर माई के प्रति अगाध श्रद्धा प्रकट की गई। यात्रा का मुख्य आकर्षण शिल्पा तिवारी के संकल्प से तैयार की गई 600 मीटर लंबी चुनरी रही। यह विशाल चुनरी दुर्गा चौक से प्रारंभ होकर मां बड़ी खेरमाई मंदिर तक पूरे वैभव के साथ पहुंची। गाजे-बाजे और माता के जयकारों के बीच महिलाओं ने पूर्ण विधि-विधान से माता रानी को श्रृंगार सामग्री के साथ यह चुनरी अर्पित की।
पांच सौ से अधिक महिलाओं ने की शिरकत
धार्मिक आयोजन में 500 से अधिक महिलाओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सभी महिलाएं पारंपरिक लाल साड़ी और पूर्ण श्रृंगार में शामिल हुईं, जिससे यात्रा मार्ग माता की भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। कार्यक्रम के सफल संचालन में डायरेक्टर जयंती पोद्दार, संरक्षिका श्वेता दुबे और रश्मि की महत्वपूर्ण भूमिका रही। यात्रा के दौरान सुरभि, आकांक्षा, सपना, वर्षा, वंदना, मौसमी, मंजू, अंजना, रितु, बिंदु, अनामिका, स्मिता, ममता, गीता, श्रद्धा, ललिता और ज्योति सहित जय माता दी भक्त परिवार की अन्य सदस्यों ने चुनरी को स्पर्श कर माता का आशीर्वाद लिया।
माता से की सुख समृद्धि की कामना
हजारों की संख्या में उमड़ी भीड़ ने जय माता दी के उद्घोष से क्षेत्र को गुंजायमान कर दिया। श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में मत्था टेककर अपने परिवार की सुख, शांति और समृद्धि के लिए मंगल कामना की। आयोजन की भव्यता को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया। इस पूरी यात्रा और महा आरती की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने की जिम्मेदारी मोहित, सत्यम और दिनेश ने संभाली। यात्रा के समापन पर भव्य महा आरती का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भी सहभागिता की।
