पुलिस के अनुसार गुरहा तालाब इंद्रा बस्ती निवासी प्रेमलता पति राजेन्द्र विश्वकर्मा उम्र 66 वर्ष आज सुबह 7 बजे के लगभग घर के बाहर बर्तन साफ कर रही थी। इस दौरान बहू कविता विश्वकर्मा आई और गाली गलौज करते हुए लाठी से हमला कर दिया। पीछे से बेटा तारकेश्वर भी आ गया, उसने भी लाठी से मारा। जिससे प्रेमलता के हाथ व पैर में चोट आई, पति राजेन्द्र ने बीच बचाव किया तो उन्हे भी मारा, यहां तक कि छोटू बहू खुशबू को धक्का देकर गिरा दिया। वहीं दूसरी ओर तारकेश्वर विश्वकर्मा 42 वर्ष ने थाना पहुंचकर शिकायत की है कि वह नजूल भूमि पर बने मकान में रहता है। जिसका टैक्स उसकी पत्नी के नाम पर आता है। उसके पिता राजेन्द्र और भाई जुगल किशोर मकान खाली करने का दबाव बनाते हैं और इसी बात को लेकर झगड़ा होता है। आज भी पत्नी और मां प्रमिला के बीच विवाद हो गया। विवाद होते देख पिता और भाई ने मिलकर उसके और उसकी पत्नी के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी से हमला कर दिया। दोनों पक्षों के बीच टकराव होते देख आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए थे, जिन्होने दोनों पक्षों को समझाइश देते हुए अलग अलग किया, लेकिन वे किसी की बात को मानने तैयार नही थे। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अपराध दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।