khabar abhi tak

छात्रों ने प्रस्तुत किए भविष्य के शानदार बिजनेस मॉडल


कॉम फेस्ट 2026: महाकोशल कॉलेज में बिखरी वाणिज्य और प्रबंधन की चमक

जबलपुर। शासकीय महाकोशल कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय में वाणिज्य एवं प्रबंधन विभाग द्वारा कॉम फेस्ट 2026 का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के रूप में चिन्हित इस संस्थान में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करना और उन्हें स्वरोजगार के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद आशीष दुबे और पूर्व राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र जामदार ने दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। इस दौरान छात्राओं ने सरस्वती वंदना की प्रस्तुति दी।

​पौधे भेंटकर अतिथियों का स्वागत

विभागाध्यक्ष प्रोफेसर शुभांगी धगट ने सभी आमंत्रित अतिथियों का औपचारिक परिचय दिया। परंपरा के अनुसार आगंतुकों का स्वागत स्मृति चिन्ह और पौधे भेंट कर किया गया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में संतोष गोडबोले, पूर्व कैबिनेट मंत्री रवि किरण साहू, जन भागीदारी अध्यक्ष आशीष राव और सेडमैप के जिला समन्वयक अजय तिवारी उपस्थित रहे। प्राचार्य अलकेश चतुर्वेदी ने महाविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों और भविष्य की कार्ययोजनाओं पर प्रकाश डाला।

​कौशल विकास और उद्यमिता पर मार्गदर्शन

​मंच से वक्ताओं ने विद्यार्थियों को वर्तमान दौर की प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार रहने का संदेश दिया। डॉ. जितेंद्र जामदार ने अथर्ववेद के सूत्रों के माध्यम से छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए गुणों के विकास पर बल दिया। उन्होंने कहा कि निरंतर होने वाले ऐसे आयोजन छात्रों के कौशल को निखारने में सहायक होते हैं। पूर्व कैबिनेट मंत्री रवि किरण साहू ने आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश के संकल्प को दोहराते हुए युवाओं को नौकरी मांगने के बजाय नौकरी देने वाला बनने की प्रेरणा दी। उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं और औद्योगिक विकास के महत्व को रेखांकित किया।

​नये प्रयोग पर जोर देने पर बल

​संतोष गोडबोले ने अपने उद्बोधन में शैक्षणिक संस्थानों में लघु अवधि के सर्टिफिकेट कोर्स और कौशल आधारित गतिविधियों की आवश्यकता जताई। उन्होंने कहा कि छोटे स्तर पर आयोजित होने वाले ये कार्यक्रम भविष्य की बड़ी सफलताओं का आधार बनते हैं। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विभिन्न प्रतियोगिताओं द्वारा बनाए गए मॉडल्स की प्रदर्शनी रही। इसके साथ ही वाद-विवाद प्रतियोगिता, प्रश्न मंच और भाषण प्रतियोगिता के माध्यम से छात्रों ने समसामयिक विषयों पर अपने विचार साझा किए। मंच का कुशल संचालन डॉ. चित्रा राय और डॉ. रंजना शर्मा द्वारा किया गया।कॉम फेस्ट 2026 को भव्य रूप देने में वाणिज्य एवं प्रबंधन विभाग के समस्त सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही। कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन में डॉ. रूपेंद्र गौतम, डॉ. आभा दुबे, डॉ. सुनीता सिंह, सौरव राय, विजेंद्र विश्वकर्मा, सुशील ठाकरे, मनीष गुजराती, सुखदेव चौरसिया, उमा भारती, साक्षी मरावी और अंकिता सेठी का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के समापन पर प्राचार्य अलकेश चतुर्वेदी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। विभाग प्रमुख और कार्यक्रम संयोजक डॉ. शुभांगी धगट के निर्देशन में आयोजित इस फेस्ट ने विद्यार्थियों को व्यावहारिक प्रबंधन के गुर सीखने का अवसर प्रदान किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak