रांची। दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची रेल मंडल में भ्रष्टाचार के विरुद्ध सीबीआई की कार्रवाई दूसरे दिन यानी 26 मार्च गुरुवार को भी जारी रही। सीबीआई ने रांची रेल मंडल की सीनियर डीसीएम शुचि सिंह का मोबाइल भी जब्त किया है। उनसे सीबीआई ने पूछताछ भी की है। रांची रेल मंडल में भ्रष्टाचार में शुचि सिंह की संलिप्तता के बिंदु पर भी सीबीआई ने जांच तेज की है। उनके मोबाइल से भी सीबीआई डेटा निकालेगी और उसकी जांच करेगी।
उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले (25 मार्च) सीबीआई ने उनके कार्यालय में कार्यरत मुख्य कमर्शियल इंस्पेक्टर हिमांशु शेखर को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था। वे एक ठेकेदार अजय त्यागी से उनके 8.70 लाख रुपये के लंबित बिल को पास करने के एवज में रिश्वत में उक्त राशि मांगी थी। गिरफ्तारी के बाद हिमांशु शेखर की निशानदेही पर उनके आवास पर भी छापेमारी हुई थी, जहां से डिजिटल उपकरण व अन्य दस्तावेज मिले थे। सभी दस्तावेज की जांच कर सीबीआई भ्रष्टाचार की तह तक जाने की तैयारी में है। सीबीआई को शक है कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध जांच की आंच रांची रेल मंडल के अन्य अधिकारियों तक भी पहुंचेगी। कमीशन घोटाले का यह खेल किसी एक व्यक्ति या कर्मचारी के स्तर पर संभव नहीं है। इसमें कई अन्य का भी सहयोग अवश्य होगा।
सीनियर डीसीएम शुचि सिंह का किया तबादला
सीबीआई की छापेमारी, सीनियर डीसीएम शुचि सिंह से पूछताछ व उनकी मोबाइल जब्ती आदि के बाद बढ़ता विवाद देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे ने शुचि सिंह को सीनियर डीसीएम के पद से हटा दिया है। उन्हें रांची में पीओ, आरसीटी के पद पर स्थानांतरित किया गया है। उनके स्थान पर रांची की पीओ आरसीटी श्रेया सिंह को को सीनियर डीसीएम बनाया गया है। दक्षिण पूर्व रेलवे के गार्डेन रीच रोड कोलकाता स्थित मुख्यालय से इससे संबंधित गुरुवार 25 मार्च को पत्र भी जारी कर दिया गया है।
सीसीआई हिमांशु शेखर को रिमांड पर लेगी सीबीआई
रांची के हटिया स्थित डीआरएम कार्यालय के पास से बुधवार को गिरफ्तार मुख्य कमर्शियल इंस्पेक्टर हिमांशु शेखर की गिरफ्तारी के बाद से ही सीबीआइ की जांच जारी है। सीबीआई की रांची स्थित भ्रष्टाचार निरोधक शाखा ने हिमांशु शेखर को सीबीआई की रांची स्थित विशेष अदालत में पेश की, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
