जबलपुर। नगर निगम ने वित्तीय वर्ष की समाप्ति से पहले करदाताओं के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। 31 मार्च तक बकाया कर जमा न करने पर 1 अप्रैल से दोगुना अधिभार प्रभावी हो जाएगा। अब बिना अतिरिक्त शुल्क के टैक्स भरने के लिए केवल 6 दिन का समय शेष बचा है। राजस्व वसूली में तेजी लाने के लिए निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने सुबह राजस्व, स्वास्थ्य, बाजार और जल विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने स्पष्ट किया कि वित्तीय वर्ष के अंत तक निर्धारित लक्ष्यों को हर हाल में पूरा किया जाए। इस दौरान अपर आयुक्त अरविंद शाह, देवेंद्र सिंह चौहान, अशफाक परवेज कुरैशी, अंजू सिंह ठाकुर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
लक्ष्य पूरा न होने पर होगी कड़ी कार्रवाई
निगमायुक्त ने अधिकारियों और कर्मचारियों को घर-घर जाकर वसूली करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि जो भी कर्मचारी अपने टारगेट पूरे नहीं करेंगे, उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में उपायुक्त संभव अयाची, अंकिता जैन, स्वास्थ्य अधिकारी अंकिता बर्मन, सहायक नोडल अधिकारी अभिनव मिश्रा, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी अर्जुन यादव, पोला राव और अनिल बारी भी मौजूद रहे।
