khabar abhi tak

एमपी : मधुमक्खियों का अंतिम संस्कार के दौरान हमला, अर्थी छोड़ भागे लोग, कई घायल

राजगढ़. मध्य प्रदेश के राजगढ़ के कुरावर क्षेत्र के ग्राम गिलाखेड़ी में अंतिम संस्कार के दौरान मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए और मृतका की अर्थी तक छोडऩी पड़ी।

जानकारी के अनुसार 55 वर्षीय भंवर कुंवर के अंतिम संस्कार के दौरान मंगलवार की शाम को यह घटना हुई। गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर पीपल के पेड़ पर लगे मधुमक्खियों के छत्ते को बैंड-बाजे के शोर और अर्थी के आगे लेकर चल रहे कंडे के धुएं से दिक्कत हुई। जिसके बाद मधुमक्खी का छत्ता टूट गया और मधुमक्खियों का झुंड श्मशान स्थल तक पहुंच गया और लोगों पर हमला कर दिया।

हमले के बाद मौके पर मौजूद लोग तौलिए व कपड़ों से खुद को ढककर बचाव करते रहे। इस दौरान शिवराज राजपूत, रघुवीर सिंह राजपूत, मोहन सिंह, जसवंत सिंह और कमला प्रसाद शर्मा सहित कई लोग डंक लगने से घायल हो गए। मृतका के परिजन भी इसकी चपेट में आए। घायलों को इलाज के लिए कुरावर और पीलूखेड़ी के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

दहशत का रहा माहौल

घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सार्वजनिक स्थानों पर लगे मधुमक्खियों के छत्तों को हटाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak