दमोह. पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल के दमोह मॉडल रेलवे स्टेशन पर सफाई व्यवस्था में लगे निजी कर्मचारी बुधवार 25 मार्च से हड़ताल पर चले गए हैं। समय पर वेतन न मिलने के कारण कर्मचारियों ने यह कदम उठाया है, जिससे पूरे स्टेशन परिसर में गंदगी फैल गई है और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दमोह को मॉडल रेलवे स्टेशन का दर्जा प्राप्त है और यह अपनी बेहतर सफाई व्यवस्था के लिए जाना जाता रहा है। हालांकि, वर्तमान में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण स्थिति बिगड़ गई है। अधिकारियों के चैंबर के बाहर भी कचरा फैला हुआ है।
दमोह रेलवे स्टेशन पर सफाई का ठेका उत्तर प्रदेश के लखनऊ की आरएन इंडस्ट्रीज को दिया गया है। इस कंपनी के माध्यम से स्टेशन पर 17 सफाई कर्मचारी और दो सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं।
सुपरवाइजर शक्ति सिंह ने बताया कि कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल रहा है। एक महीने का वेतन अगले महीने की 27 तारीख तक दिया जाता है, तब तक दूसरा महीना शुरू हो चुका होता है। इस वजह से कर्मचारियों को अपना घर चलाने के लिए कर्ज लेना पड़ रहा है, जिससे वे कर्ज के बोझ तले दबते जा रहे हैं।
कर्मचारियों ने अपनी समस्या से कई बार वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं निकला है। इसी कारण सभी सफाई कर्मचारियों ने बुधवार से काम बंद कर दिया है, जिसके परिणामस्वरूप स्टेशन पर गंदगी का अंबार लग गया है।
