जबलपुर रेल मंडल की ओर से मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा सहित वरिष्ठ अफसर रहे मौजूद
जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के ललितपुर-सिंगरौली नई रेल लाइन प्रोजेक्ट में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है। इस परियोजना के अंतर्गत नवनिर्मित नागौद-फुलवारी रेल खंड पर रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा गहन निरीक्षण के बाद सफलतापूर्वक स्पीड ट्रायल पूरा किया गया। जबलपुर मंडल के अंतर्गत आने वाले इस नए ट्रैक पर इंजन को 120 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से दौड़ाकर इसकी मजबूती और सुरक्षा मानकों को परखा गया। इस सफल परीक्षण के बाद अब इस क्षेत्र में रेल परिचालन का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
रेल संरक्षा आयुक्त ने किया तकनीकी बारीकियों का निरीक्षण
मध्य और पूर्व वृत्त मुंबई के रेल संरक्षा आयुक्त गुरु प्रकाश ने मंगलवार 24 मार्च को नागौद से फुलवारी के बीच लगभग 15 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन का बारीकी से मुआयना किया। इस दौरान करीब 5 घंटे तक चले सघन निरीक्षण में सुरक्षा से जुड़े हर तकनीकी पहलू की जांच की गई। निरीक्षण दल ने ट्रैक की गुणवत्ता, प्वॉइंट एवं क्रॉसिंग, ब्रिज की संरचनाएं, गर्डर स्पान और स्लीपर की स्थिति जांची। इसके साथ ही बैलास्ट, ग्लूड जॉइंट, इंप्रूव्ड ओएचई लाइन, समपार फाटक और स्टेशन यार्ड की कार्यप्रणाली का भी सत्यापन किया गया ताकि भविष्य में ट्रेनों के संचालन में कोई तकनीकी बाधा न आए।
स्पीड ट्रायल के बाद मिली हरी झंडी
सघन निरीक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के उपरांत रेल संरक्षा आयुक्त ने फुलवारी से नागौद तक के पूरे सेक्शन में 120 किलोमीटर प्रतिघंटा की अधिकतम गति से रेल इंजन चलाकर स्पीड ट्रायल लिया। इस हाई स्पीड ट्रायल के दौरान ट्रैक का व्यवहार और स्थिरता पूरी तरह मानक के अनुरूप पाई गई। इस विशेष अवसर पर रेलवे मुख्यालय से मुख्य प्रशासनिक अधिकारी निर्माण एमएस हाशमी सहित निर्माण और संरक्षा विभाग के कई आला अधिकारी मौजूद रहे। जबलपुर रेल मंडल की ओर से मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, मंडल संरक्षा अधिकारी, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक और सीनियर डीईई टीआरडी ने भी इस पूरी प्रक्रिया में सहभागिता की।
यात्री सुविधाओं में होगा बड़ा विस्तार
इस नए रेल खंड के शुरू होने से स्थानीय निवासियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। रेल अधिकारियों के अनुसार इस ट्रैक के फिट पाए जाने के बाद अब जल्द ही इसे सार्वजनिक परिवहन के लिए खोल दिया जाएगा। डीआरएम तलरेजा ने बताया कि नई रेल लाइन शुरू होने से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी सुदृढ़ होगी और यात्रियों को आवागमन के लिए एक सुरक्षित एवं बेहतर विकल्प उपलब्ध होगा। इस रेल खंड के चालू होने से ललितपुर-सिंगरौली परियोजना को गति मिलेगी और क्षेत्र के आर्थिक विकास में भी सहायता मिलेगी।
