जबलपुर। क्राइम ब्रांच और पाटन पुलिस ने बुधवार को लग्जरी कार में दमोह से पिस्टल ला रहे दो युवकों को दबोच लिया है। इन आरोपी युवकों के कब्जे से चार पिस्टल और आठ कारतूस बरामद किए हैं।
पाटन पुलिस के मुताबिक अवैध रूप से हथियार रखने के आरोप में दमोह निवासी मयंक राजपूत, राहुल उर्फ सूरज सिंह लोधी को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी पाटन गोपिन्द्र सिंह राजपूत ने बताया कि क्राईम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली कि काले रंग की स्विफ्ट डिजायर क्रमांक एमपी 30 जेड जी 4139 में 2 व्यक्ति बैठे हुये हैं, जो अपनी कार की पिछली सीट में थैले में काफी मात्रा में अवैध देशी पिस्टल व कारतूस रखे हुये किसी को बेचने की फिराक में है। सूचना पर क्राईम ब्रांच एवं थाना पाटन की संयुक्त टीम द्वारा मुखबिर के बताये अनुसार भडया पीपल के पास पाटन तेंदुखेड़ा रोड़ पर नाकाबंदी कीं। तभी तेंदुखेड़ा तरफ से काले रंग की स्विफ्ट कार आते दिखी। कार रोककर नाम पता पूछने पर कार चालक ने अपना नाम मयंक राजपूत बताया तथा कार चालक के बाजू वाली सीट में बैठे व्यक्ति ने अपना नाम राहुल उर्फ सूरज सिंह लोधी बताया। कार की तलाशी लेने पर पीछे वाली सीट पर लाल रंग के कपड़े के थैला रखा मिला। पुलिस आरोपियों से पूछताला कर रही है कि उक्त फायर आर्म्स कहां से एवं किससे प्राप्त किये गये हैं।
