3 करोड़ की लागत से जून तक यातायात शुरू करने का लक्ष्य,31 मार्च के पहले होगा भूमिपूजन
जबलपुर। शहर में बुनियादी ढांचे के विस्तार के तहत गोहलपुर पुल के चौड़ीकरण का कार्य अब धरातल पर उतरने वाला है। इस परियोजना के लिए प्राप्त टेंडर खोलने के साथ ही प्रशासन जल्द ही वर्क आर्डर जारी करने की तैयारी में है। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने इस विकास कार्य की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि आवश्यक कागजी प्रक्रियाओं को तत्काल पूर्ण कर 31 मार्च के पहले इस निर्माण कार्य का भूमिपूजन संपन्न कर लिया जाएगा।
प्रशासन की योजना इस कार्य को युद्धस्तर पर पूरा करने की है, ताकि आगामी जून माह तक पुल के कम से कम एक तरफ का हिस्सा वाहनों के आवागमन के लिए खोल दिया जाए। इससे क्षेत्र में लगने वाले ट्रैफिक जाम से स्थानीय नागरिकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। गौरतलब है कि इस परियोजना की निविदा प्रक्रिया में पूर्व में कुछ बाधाएं आई थीं। चौड़ीकरण के संबंध में पहली बार निविदा सूचना 10 जनवरी को जारी की गई थी, लेकिन उस दौरान मात्र एक ही टेंडर प्राप्त होने के कारण प्रक्रिया को आगे नहीं बढ़ाया जा सका। इसके बाद विभाग ने दोबारा सक्रियता दिखाते हुए 27 फरवरी को दूसरी निविदा सूचना प्रकाशित की, जिसकी अंतिम समय सीमा 16 मार्च तय की गई थी।
इस पूरी निर्माण परियोजना पर कुल 3 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान लगाया गया है। इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट को लेकर नागरिक उपभोक्ता मार्गदर्शक मंच के एक प्रतिनिधिमंडल ने महापौर के साथ गहन चर्चा की। इस संवाद के दौरान डॉ. पीजी नाजपांडे, रजत भार्गव, एडवोकेट वेदप्रकाश अधौलिया और सुशीला कनौजिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी ने पुल के निर्माण से जुड़े तकनीकी और जनहित के पहलुओं पर अपने सुझाव साझा किए।
