साइबर सेल की मदद से उन खातों की पहचान की जा रही है, जहां पैसा ट्रांसफर हुआ
जबलपुर। विनायक नगर चरगवां निवासी सरिता देवी ने साइबर अपराध का शिकार होने के बाद गोराबजार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। ठगों ने बिजली बिल अपडेट करने का झांसा देकर उनके पति नरेंद्र कुमार के खाते से 1 लाख 89 हजार 998 रुपये की राशि पार कर दी। नरेंद्र कुमार वर्तमान में उत्तराखंड में पदस्थ हैं और आईटीबीपी की 36वीं बटालियन में प्रधान आरक्षक के पद पर कार्यरत हैं। वे अपनी बीमारी के इलाज के लिए नोएडा स्थित आईटीबीपी बेस हॉस्पिटल में भर्ती थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर एक संदिग्ध व्हाट्सएप लिंक आया और कॉल करने वाले अज्ञात व्यक्ति ने बिजली बिल अपडेट करने के नाम पर उन्हें अपनी बातों में फंसा लिया।
संदिग्ध लिंक पर क्लिक, मोबाइल हुआ फ्रीज
जैसे ही जवान ने ठग द्वारा भेजे गए लिंक को खोला उनका मोबाइल फोन पूरी तरह से फ्रीज हो गया और उसने काम करना बंद कर दिया। कुछ घंटों तक फोन निष्क्रिय रहने के बाद जब मोबाइल सामान्य स्थिति में आया तो जवान के होश उड़ गए। उनके फोन पर बैंक से पैसे कटने के लगातार कई मैसेज आए हुए थे। साइबर अपराधियों ने उनके खाते में सेंध लगाकर कुल 9 बार में पूरी रकम निकाल ली थी। अचानक हुई इस धोखाधड़ी से पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है और उन्होंने तुरंत पुलिस से मदद की गुहार लगाई है।
व्हाट्सएप नंबर और बैंक खातों की जांच शुरू
गोराबजार थाना पुलिस ने जवान की पत्नी की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब उस व्हाट्सएप नंबर और बैंक ट्रांजैक्शन की डिटेल खंगाल रही है ताकि ठगों तक पहुंचा जा सके। साइबर सेल की मदद से उन खातों की पहचान की जा रही है जहां पैसा ट्रांसफर हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
