जबलपुर। मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड के मुख्य सुरक्षा अधिकारी कार्यालय ने अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानक आईएसओ 9001:2015 का प्रमाणीकरण प्राप्त कर एक नई उपलब्धि हासिल की है। कंपनी मुख्यालय में संचालित इस कार्यालय को यह विशिष्ट सम्मान कार्यप्रणालियों के मानकीकरण और अंतरराष्ट्रीय मानदंडों के सटीक पालन के लिए प्रदान किया गया है। वर्तमान में पावर जनरेटिंग कंपनी के कुल 13 कार्यालय इस प्रतिष्ठित श्रेणी में शामिल हो चुके हैं, जो संस्थान की प्रशासनिक दक्षता और गुणवत्तापूर्ण कार्यशैली को प्रदर्शित करता है।
गुणवत्तापूर्ण कार्यप्रणाली ने दिलायी कामयाबी
सुरक्षा विभाग से पूर्व कंपनी के 12 अन्य महत्वपूर्ण कार्यालयों को भी अंतरराष्ट्रीय क्वालिटी मैनेजमेंट सिस्टम के अंतर्गत प्रमाणित किया जा चुका है। इनमें मुख्य अभियंता उत्पादन भंडार, मुख्य अभियंता संचालन संधारण-जल विद्युत, मुख्य अभियंता फ्यूल मैनेजमेंट और कार्यपालक निदेशक अभियांत्रिकी सहित संयुक्त निदेशक कार्यालय शामिल हैं। इसके अतिरिक्त प्रबंध संचालक कार्यालय, डायरेक्टर टेक्निकल, मुख्य अभियंता कॉर्पोरेट सर्विस और कार्यपालक निदेशक मटेरियल मैनेजमेंट विभाग भी अंतरराष्ट्रीय मानकों पर खरे उतरे हैं। मुख्य अभियंता परियोजना उत्पादन, मुख्य अभियंता सिविल इंजीनियरिंग और मुख्य वित्तीय अधिकारी कार्यालय ने भी पूर्व में यह प्रमाणीकरण प्राप्त कर अपनी कार्यक्षमता को सिद्ध किया है। यह सभी विभाग निर्धारित वैश्विक पैमानों के अनुरूप ही अपनी दैनिक गतिविधियों का संचालन कर रहे हैं।
प्रबंधन ने कहा,क्वालिटी इम्प्रूव होगी
मुख्य सुरक्षा अधिकारी कार्यालय की इस सफलता पर कंपनी के शीर्ष नेतृत्व ने हर्ष व्यक्त किया है। प्रबंध संचालक मनजीत सिंह, डायरेक्टर टेक्निकल सुबोध निगम, डायरेक्टर कमर्शियल मिलिंद भान्दक्कर और कार्यपालक निदेशक मानव संसाधन व प्रशासन दीपक कश्यप ने मुख्य सुरक्षा अधिकारी हितेश परमार और उनके विभाग के समस्त कर्मचारियों को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि हेतु शुभकामनाएं दी हैं। प्रबंधन ने अधिकारियों को प्रेरित करते हुए कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार उच्च स्तरीय गुणवत्ता मानकों को बनाए रखना अनिवार्य है। इस मानकीकरण से न केवल कार्यालय की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ होगी, बल्कि आंतरिक प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और गतिशीलता भी आएगी। यह उपलब्धि पावर जनरेटिंग कंपनी के निरंतर विकास और तकनीकी उन्नयन की दिशा में एक सशक्त कदम मानी जा रही है।
