उमरिया। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले के नौरोजाबाद इलाके में बुधवार, 25 मार्च को उस समय चीख-पुकार मच गई, जब एलपीजी सिलेंडर के लिए लाइन में लगे लोगों पर मधुमक्खियों के एक बड़े झुंड ने हमला कर दिया. जो लोग अपनी बारी का शांति से इंतजार कर रहे थे, उन्हें अपनी जान बचाने के लिए भारी-भरकम सिलेंडर वहीं छोड़कर भागना पड़ा. इस अचानक हुए हमले में कई लोग घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया.
यह घटना नौरोजाबाद स्थित एक सहकारी समिति के गोदाम के पास हुई. गोदाम के पास ही एक पेड़ पर मधुमक्खियों का बड़ा छत्ता था. अज्ञात कारणों से छत्ता अचानक डिस्टर्ब हो गया, जिसके बाद हजारों की संख्या में आक्रामक मधुमक्खियां कतार में खड़े लोगों पर टूट पड़ीं। देखते ही देखते मौके पर भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई.
जान बचाने के लिए संघर्ष
मधुमक्खियों के हमले से बचने के लिए लोग अपने चेहरे को गमछे, तौलिये और कपड़ों से ढंककर इधर-बधर भागने लगे. मौके पर मौजूद अनिल मिश्रा ने बताया कि हमला इतना अचानक था कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला. लोग अपने कीमती सिलेंडर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर दौड़ पड़े. कुछ लोग पास की झाडिय़ों और इमारतों में छिपने की कोशिश करते नजर आए.
घायलों का अस्पताल में उपचार
इस हमले में कई लोगों को मधुमक्खियों ने बुरी तरह डंक मार दिया. घायलों को तुरंत नौरोजाबाद के क्षेत्रीय अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों के अनुसार, मरीजों को सूजन और तेज दर्द की शिकायत थी. गनीमत यह रही कि सभी को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और फिलहाल किसी की स्थिति गंभीर नहीं है.
