प्रदेश भर की सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। फिलहाल पुलिस साइबर सेल की मदद से ईमेल भेजने वाले अज्ञात आरोपी की तलाश कर रही है
जबलपुर। सिविल लाइन स्थित मुख्य डाकघर और क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद बुधवार को पूरे प्रशासनिक महकमे में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दोपहर करीब 12-10 बजे डाकघर अधीक्षक को एक अज्ञात ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें दावा किया गया था कि परिसर में कुछ ही समय के भीतर जोरदार धमाका होगा। ईमेल की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों ने बिना देरी किए पुलिस प्रशासन और कंट्रोल रूम को इस खतरे की सूचना दी। तत्काल कार्यवाही करते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे परिसर को खाली कराकर अलर्ट घोषित कर दिया।
सुरक्षा घेरे में परिसर, बम और डॉग स्क्वॉड ने की जांच
सूचना मिलते ही बम स्क्वॉड प्रभारी पंकज सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ डॉग स्क्वॉड और भारी संख्या में पुलिस बल भी मौजूद था। सुरक्षा बलों ने हेड पोस्ट ऑफिस के सभी विभागों, पार्सल सेक्शन और पासपोर्ट कार्यालय को चारों तरफ से घेरकर सघन तलाशी अभियान शुरू किया। अधिकारियों के निर्देश पर मेटल डिटेक्टर से हर छोटे-बड़े पार्सल की जांच की गई। करीब 1 घंटे तक चले इस कड़े सर्च ऑपरेशन के दौरान चप्पे-चप्पे को खंगाला गया, लेकिन कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ। जांच के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने राहत की सांस ली और इस धमकी को फर्जी घोषित किया। मेल में मध्य प्रदेश के अन्य जोनों के पासपोर्ट कार्यालयों को भी निशाना बनाने का उल्लेख किया गया था, जिसके चलते प्रदेश भर की सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। फिलहाल पुलिस साइबर सेल की मदद से ईमेल भेजने वाले अज्ञात आरोपी की तलाश कर रही है।
